भोपाल। भेल के आगा क्लब में बुधवार से तीन दिवसीय ‘इंटर स्कूल बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026’ का शानदार शुभारंभ हुआ। खेल भावना और उत्साह के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में भोपाल के विभिन्न विद्यालयों की कुल 20 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि बीएचईएल (भेल) के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय एवं आगा क्लब के अध्यक्ष विपुल अग्रवाल द्वारा चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण कर किया गया।
इस अवसर पर कलांजलि ग्रुप की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक ‘भरतनाट्यम’ नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टूर्नामेंट के स्वरूप के बारे में जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 10 बॉयज और 10 गर्ल्स टीमें शामिल हैं। सभी मैच नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे हैं, जिसका फाइनल मुकाबला 10 मई को आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र के दौरान नगर प्रशासक प्रशांत पाठक, वरिष्ठ मार्गदर्शक संजय श्रीवास और कोच ए. सुरेश सहित आगा क्लब की पूरी कार्यकारिणी मौजूद रही, जो टूर्नामेंट को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टूर्नामेंट के साथ-साथ आगा क्लब में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का संचालन भी किया जा रहा है। 1 मई से 31 मई तक चलने वाले इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों बच्चे बास्केटबॉल की तकनीकी बारीकियां सीख रहे हैं। क्लब के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों और प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करना और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करना है।
