भोपाल
ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लाईज यूनियन संबद्ध नेशनल फ्रंट ऑफ़ इंडियन ट्रेड यूनियन के आह्वान पर 30 अप्रैल 2024 को फाउंड्री गेट पर बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में विशाल द्वार सभा का आयोजन किया गया। यूनियन के सचिव एवं मीडिया प्रभारी आशीष सोनी ने बताया की हमारी यूनियन की संरक्षक एवं मंत्री म. प्र. शासन कृष्णा गौर द्वारा सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कारखाना एवं कर्मचारी हित में हमने हमेशा संघर्ष किया है और आगे भी श्रमिक परिवार के सुख दुख में साथ देते रहेंगे।
भोपाल लोकसभा के लोकप्रिय प्रत्याशी पूर्व महापौर आलोक शर्मा ने कर्मचारी, अधिकारी ठेका श्रमिकों एवं उपस्थित बीएचईएल परिवार जनसमुदाय से कमल निशान पर वोट रूपी आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बीएचईएल के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं ठेका श्रमिकों के तमाम कटौतियों को बंद करना एवं कारखाने का विस्तार हमारी मुख्य प्रार्थमिकता है।
यूनियन के महासचिव रामनारायण गिरी ने बीएचईएल परिवार के लोगों को बीजेपी की सदस्यता दिलाई। सभा स्थल पर सैकड़ो की संख्या में ठेका श्रमिको ने बीएचईएल ठेका श्रमिक के महामंत्री मेहर अली एवं अध्यक्ष प्रशांत पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी नवागत सदस्यों को प्रभारी आलोक संजर, कृष्णा गौर एवं आलोक शर्मा ने अंगवस्त्र पहनकर स्वागत किया।
कांग्रेस प्रत्याशी का गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क आज
भोपाल लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव बुधवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे। वे सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर शिव नगर मेन रोड से जनसंपर्क की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे कल्याण नगर, भानपुर, मोहाली, आदर्श नगर मिनाल गेट होते हुए अयोध्या नगर, नरेला शंकरी, भारत नगर, निजामुदृदीन कॉलोनी, साकेत नगर, गोपाल नगर, पिपलानी में जनसंपर्क करेंगे। जन संपर्क का समापन आनंद नगर चौराहे पर रात 9 बजे होगा।
नेतागण कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करेंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव, और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा एक मई को सीहोर और रायसेन जिले के प्रवास पर रहेंगे। नेतागण निर्धारित दौरा कार्यक्रमानुसार एक मई को कार द्वारा सुबह 10 बजे भोपाल से प्रस्थान कर पूर्वान्ह 11.40 बजे देवास जिले के खाते गांव पहुंचकर वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे सीहोर जिले के नसरूल्लागंज में और शाम 4 बजे औबेदुल्लागंज, शाम 5.15 बजे रायसेन जिले के मंडीदीप पहुंचकर वहां कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। नेतागण शाम 6.30 बजे मंडीदीप से प्रस्थान कर शाम 7.10 बजे भोपाल पहुंचेंगे।
