भोपाल। राजधानी के वीआईपी रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अपने दोस्तों के साथ घूमने आई एक युवती ने अचानक बड़े तालाब में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के गोताखोर मोहम्मद इमरान, शेख आसिफ और आमिर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से सुरक्षित बाहर निकालकर तलैया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने युवती को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान बैरागढ़ निवासी मनीषा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से कुछ पारिवारिक परेशानियों के कारण मानसिक तनाव से जूझ रही थी। तलैया थाना प्रभारी दीपक डहरिया ने बताया कि मनीषा सुबह करीब 8 बजे अपने दो दोस्तों के साथ वीआईपी रोड पर घूमने आई थी।
इसी दौरान वह अपने मोबाइल से किसी को फोन लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बात न हो पाने के कारण वह अचानक अत्यधिक तनाव में आ गई और उसने आव देखा न ताव, सीधे तालाब में छलांग लगा दी। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल युवती और उसके साथ मौजूद दोस्तों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं, जिसके कारण वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और बयानों के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
