भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के नवनियुक्त प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने बुधवार को बैंक के शीर्ष मुख्यालय का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यालय के विभिन्न विभागों और कक्षों में जाकर वहां की कार्यसंस्कृति एवं दैनिक कामकाज की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान श्री यादव ने बैंक के प्रत्येक अनुभाग में जाकर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा परिचय प्राप्त किया। उन्होंने बैंक की मौजूदा कार्य प्रणाली को बारीकी से समझा और बेहतर बैंकिंग सेवाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उनके साथ बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता और वि.क.अ. अरुण मिश्रा भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासक को विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
मुख्यालय के प्रशासनिक कक्षों के साथ-साथ श्री यादव ने भूतल भवन में स्थित संभागीय शाखा का भी दौरा किया। उन्होंने विशेष रूप से बैंक के क्लियरिंग सेक्शन की कार्यक्षमता को देखा और ग्राहकों की संपत्ति की सुरक्षा के मद्देनजर लॉकर रूम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बैंकिंग कार्यों में पारदर्शिता और गति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि बैंक से जुड़े हितग्राहियों को बेहतर और सुलभ सुविधाएँ मिल सकें।
