विधायकों को लेकर बेंगलुरू जा रहा विमान रनवे से लौटा
भोपाल। मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया गया है। बीजेपी की आपत्ति पर मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने ये फैसला लिया है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अब तीनों सीटों पर भाजपा कैंडिडेट निर्विरोध हैं। भाजपा का आरोप था कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था। इधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला था। नामांकन रद्द होने के फैसले के खिलाफ हम अदालत जाएंगे। उधर, दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल भारत निर्वाचन आयोग के लिए पहुंचा है।
इस सबके बीच कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट कर रही थी। लेकिन मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस विधायकों को लेकर जा रहा विमान रनवे से लौट आया।
पहले विमान को उड़ने की परमिशन नहीं मिली थी
इससे पहले कांग्रेस ने बाड़ाबंदी करते हुए पार्टी विधायकों को बेंगलुरू भेजने का फैसला लिया था। स्टार एयरलाइंस की चार्टर्ड फ्लाइट दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि फ्लाइट को देश में उड़ने की अनुमति नहीं है।
इस पर पार्टी के सीनियर लीडर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था- सरकार के इशारे पर हमारे विमान को बेवजह रोका जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी पर मोहन सरकार का दबाव है। उनका कहना है कि आपकी ये फ्लाइट विदेश जा सकती है लेकिन देश के अंदर उड़ान नहीं भर सकती। कितनी मूर्खतापूर्ण बात है कि जो फ्लाइट दिल्ली से भोपाल आ सकती है, वो बेंगलुरू नहीं जा सकती।
करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की चार्टर्ड फ्लाइट को उड़ान के लिए परमिशन मिली। शाम करीब साढ़े 6 बजे विमान ने बेंगलुरू के लिए उड़ान भरी। इसमें 38 विधायकों के साथ 75 लोग थे लेकिन यह रनवे से ही लौट आया।
धनोपिया बोले- बीजेपी उम्मीदवार की एप्लिकेशन में ये पॉइंट ही नहीं था
कांग्रेस चुनाव कार्य प्रभारी एडवोकेट जेपी धनोपिया ने कहा- जब हम विधानसभा गए, तब वहां हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज रोहित आर्या बैठे हुए थे। हमने आपत्ति लेते हुए पूछा कि आप किस आधार पर रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में हैं?
उन्होंने कहा- मैं बीजेपी की तरफ से यहां आया हूं। हमने अथॉरिटी लेटर मांगा तो उन्होंने खुद को विड्रॉल कर लिया। बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट की एप्लिकेशन में ये पॉइंट ही नहीं था। ये शिकायत राहुल कोठारी ने की थी। राहुल न तो प्रत्याशी हैं न मतदाता हैं।
मीनाक्षी नटराजन बोलीं- ये लोकतंत्र को कुचलने की राजनीति, हम लड़ेंगे
कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीनाक्षी नटराजन ने कहा- बहुमत न होने के बावजूद भाजपा ने जैसे ही तीसरा उम्मीदवार उतारा तो हमें यह समझ आ गया कि अब ये लोकतंत्र को कुचलने की राजनीति शुरू करेंगे। SIR और वोट चोरी तक जो मामला सीमित था, अब वह सीट चोरी तक पहुंच गया है।
उन्हें लगा कि कांग्रेस संगठित है तो एक लीगल नोटिस की आड़ में…जो कॉग्निजेंट यानी संज्ञान में भी नहीं था, उसके आधार पर नामांकन को चुनौती दे दी। हमारे वकील साथियों ने सारे तथ्य रिटर्निंग ऑफिसर के सामने रखे। उनके ऑर्ग्यूमेंट की सुनवाई तक नहीं की गई। यह बहुत स्पष्ट है कि उनकी नीति और नियत क्या है?
आज गंभीर परिस्थितियां देश के सामने हैं। सवाल यह है कि लोकतंत्र जीतेगा या नहीं, भारत का जो फेडरल स्ट्रक्चर है, वह रहेगा या नहीं? इस तरह से वन पार्टी सिस्टम और तानाशाही भ्रष्ट होगी या नहीं? लेकिन हमारी पूरी पार्टी इकट्ठा होकर इन ताकतों के खिलाफ लड़ेगी। कमलनाथ ने लिखा- नामांकन रद्द किया जाना पूरी तरह से असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक
वकील बोले- रिटर्निंग ऑफिसर ने गलत आधार पर नामांकन रद्द किया
कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिवक्ता अजय गुप्ता ने कहा- रिटर्निंग आफिसर ने सिर्फ एक आधार पर फॉर्म रिजेक्ट किया है। उनका कहना है कि हैदराबाद की अदालत से मीनाक्षी नटराजन को धारा 223 डीएस के तहत नोटिस जारी हुआ था। मीनाक्षी ने उसका अपने फॉर्म में और शपथ पत्र में उल्लेख नहीं किया। उसको जानकारी छिपाने की संज्ञा देते हुए फॉर्म को रिजेक्ट किया है। जबकि हमने स्पष्ट तरीके से जवाब दिया था कि ये नोटिस बीएस की धारा 223 के प्रोविजन के तहत दिया गया है। मैं दावा करता हूं कि भोपाल में नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट है, आप वहां के छात्रों के सामने यह प्रावधान रख लीजिए। नोटिस रख लीजिए, 10 में से एक भी लीगल एक्सपर्ट यह कह दे कि इस आधार पर नामांकन रद्द किया जा सकता है तो मैं अपनी वकालत छोड़ दूंगा।
पीसीसी चीफ पटवारी बोले- कांग्रेस पूरी जान लगाकर लड़ेगी
कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- मध्य प्रदेश में भाजपा की कोशिश रही है कि कैसे प्रदेश कलंकित हो। इसके लिए रात दिन मेहनत की जा रही है। पूरे देश में वोट चोरी की चर्चा है। वोटर लिस्ट में मैनिपुलेशन, विधायकों की खरीद सब काम किए जा रहे हैं।
अभी कुछ दिन पहले पूरे देश में महिला आरक्षण का ढोंग भाजपा ने किया। महिलाओं के प्रति उनकी सोच मध्य प्रदेश की आज की घटना से सामने आ गई। भाजपा ने आज मध्य प्रदेश की प्राचीन सभ्यता और भाईचारे को कलंकित कर दिया। लेकिन देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस पूरी जान लगाकर लड़ेगी।
