भोपाल। रायसेन रोड स्थित कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में शनिवार को स्नातक (ग्रेजुएशन) अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह (फेयरवेल पार्टी) का आयोजन किया गया। उत्साह, उल्लास और भावुकता से भरे इस कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। समारोह को संबोधित करते हुए संस्था के निदेशक डॉ. भरत किशोर गुप्ता ने शिक्षा और भविष्य के तालमेल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन केवल ज्ञान और कौशल का स्रोत नहीं है, बल्कि यह उन अनुभवों की पूंजी है जो भविष्य के निर्माण में सहायक बनती है।
डॉ. गुप्ता ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें वर्तमान दौर की मांग के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विविध क्षेत्रों में ज्ञान एवं कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे रोजगार संबंधी चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह पल केवल विदाई का नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। समारोह के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीत, नृत्य, नाटक, रैंप वॉक, भाषण और स्वरचित कविताओं का उपस्थित शिक्षकगण व छात्र-छात्राओं ने जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “मिस्टर एंड मिस फेयरवेल” प्रतियोगिता रही, जिसमें विद्यार्थियों ने मंच पर अपने बेहतरीन आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विदाई ले रहे सीनियर छात्रों ने मंच से कॉलेज जीवन की खट्टी-मीठी यादों, दोस्तों व शिक्षकों के साथ रिश्तों की मिठास और संस्थान में सीखे गए जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के समापन पर निदेशक डॉ. भरत किशोर गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कार व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
