भोपाल। राजधानी के गौतम नगर इलाके में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के साथ हुई बदसलूकी और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने मंगलवार को शहर में बड़ा तनाव पैदा कर दिया। घटना के विरोध में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और पुराने शहर में धारा 144 लागू करनी पड़ी। मामला 9 मई का है, जब गौतम नगर स्थित एक होटल में कुछ कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ लिया था।
आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली टिप्पणियां की गईं। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश फैल गया। मंगलवार दोपहर से ही ताजुल मस्जिद और पीरगेट क्षेत्र में भीड़ जमा होने लगी थी। रात होते-होते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर एनएसए लगाने और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की। मोती मस्जिद क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई और कुछ युवकों द्वारा पथराव भी किया गया, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे।
पुलिस पूछताछ में युवती ने स्पष्ट किया है कि वह पिछले पांच वर्षों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई है। युवती ने युवक के खिलाफ किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति सहित अन्य आरोपियों को चिन्हित किया गया है। दो आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है और एक नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है। वहीं, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हंगामा और पथराव करने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।
