भोपाल। राजधानी के गांधीनगर क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़े नशीले कफ सिरप नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए युवाओं और नाबालिगों को नशे की दलदल में धकेलने वाले मास्टरमाइंड अकील खान समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं, जिनसे अवैध रूप से पैकेजिंग का काम कराया जाता था। डीआईजी एसटीएफ राहुल लोढ़ा ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी के एक मकान पर छापा मारकर करीब 50 हजार बोतल नशीला कफ सिरप बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है।
यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से तीन अलग-अलग टीमों में बंटकर काम कर रहा था। मुख्य आरोपी अकील खान गाड़ियों की लोडिंग और सप्लाई को मैनेज करता था और पूरे अवैध कारोबार पर उसका नियंत्रण था। अकील ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर भोपाल शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोडिंग वाहनों के जरिए माल की सप्लाई चेन बना रखी थी, जिसके लिए गांधीनगर की डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी और मुबारकपुर को इस नेटवर्क का मुख्य हब बनाया गया था। जांच में सामने आया है कि इस सिंडिकेट की दूसरी टीम में शामिल चार आरोपी सिरप के स्टॉक को संभालने, ट्रांसपोर्टेशन और उसकी पैकेजिंग बदलने का काम करते थे। ये आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहते थे।
इस अवैध धंधे में तीन नाबालिग बच्चों को भी धकेला गया था, जिनसे कफ सिरप की पैकेजिंग, रैपर बदलने और माल व्यवस्थित करने का काम कराया जाता था। आरोपी कफ सिरप के असली रैपर हटाकर दूसरे जाली रैपर चढ़ा देते थे ताकि बाजार में इसकी पहचान छिपाई जा सके और इसे आसानी से भोपाल व आसपास के जिलों में खपाया जा सके। एसटीएफ ने बरामद सिरप के सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया है। फिलहाल इस मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की दो विशेष टीमें तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही, जिस मकान से भारी मात्रा में सिरप बरामद हुआ है, उसके मालिक जयदीप सिंह और मकान दिलाने वाले आकाश भाटिया भी एसटीएफ की रडार पर हैं।
मकान मालिक से बिना वेरिफिकेशन के कमरा किराए पर देने के संबंध में पूछताछ की जाएगी। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई केवल एक जगह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे राज्य में फैला एक संगठित नेटवर्क है, जिसकी पूरी सप्लाई चेन और सोर्स का पता लगाने के लिए मुबारकपुर क्षेत्र सहित अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
