भोपाल:
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक विधायक के सवाल ने अधिकारियों के होश उड़ा दिए. विधायक के सवाल का जवाब तैयार कराने के लिए अधिकारियों को करीबन पौने 2 लाख कागजों की फोटोकॉपी करानी पड़ी. पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने फूड एवं न्यूट्रीशियन सिक्योरिटी को लेकर सवाल पूछा था. सवाल के जवाब में अधिकारियों ने कागजों के 7 बंडल तैयार करके विधानसभा भिजवाए हैं. विधायक को भी भेज जवाब भेजा गया है. इन बंडलों का वजन करीबन 35 किलो है.
कांग्रेस विधायक ने ऐसा कौन सा सवाल पूछा
पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने सवाल पूछा था कि फूड एवं न्यूट्रीशियन सिक्योरिटी के तहत पिछले 4 सालों में प्रदेश के कितने जिलों में, कितने किसानों को 100 रुपये से 2000 रुपये तक भुगतान राशि दी गई है. ऐसे सभी हितग्राहियों के नाम, पता, प्रदाय की गई राशि, हितग्राही बैंक का नाम, ब्रांच सहित पूरी जानकारी मांगी गई थी. यह जानकारी सभी जिलों और विधानसभाओं की पूछी गई.
पौने 2 लाख कागजों की फोटोकॉपी
विधायक ने यह भी पूछा कि इन 4 सालों में हितग्राहियों द्वारा प्रस्तुत किए गए बिल की फोटोकॉपी विधानसभावार और जिलेवार दी जाए. इसके अलावा कई प्रकरणों में राशि प्रस्तुत बिलों के अनुसार बैंक अकाउंट में ना देकर नगद रूप में दी गई, ऐसे मामलों की भी विधानसभावार जानकारी मांगी गई. विधायक का सवाल देखकर विभाग के पसीने छूट गए. सवाल का जवाब तैयार कराने के लिए विभाग ने प्रदेश भर से जानकारी बुलाकर इकठ्ठी की. इस तरह करीबन पौने 2 लाख कागजों की फोटोकॉपी करानी पड़ी. यह जानकारी 7 बंडलों में बांधकर विधायक को भेजी गई.
विधायकों ने पूछे 2939 सवाल
मध्य प्रदेश के बजट सत्र में इस बार विधायकों ने 2939 सवाल पूछे हैं. विधानसभा सत्र में सवाल पूछे जाने की शुरूआत विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरू हो जाती है. इसके लिए समय सीमा निर्धारित होती है. इस समय सीमा के अंदर विधायक अपने सवाल ऑनलाइन और ऑफलाइन विधानसभा सचिवालय को भेजते हैं और फिर इन्हें संबंधित विभाग को भेज दिया जाता है. विभाग निर्धारित की गई तारीख तक जवाब तैयार कर विधानसभा को भेज देते हैं.
