जबलपुर,
मध्य प्रदेश के जबलपुर में टी20 विश्व कप 2024 में भारत की जीत का जश्न मनाने के दौरान एक दुखद हादसे में पांच साल के बच्चे की मौत हो गई. पुलिस ने सोमवार को बताया कि जबलपुर में जीत के जश्न में पटाखे फोड़े जाने के दौरान स्टील का एक टुकड़ा बच्चे के पेट में घुस गया जिससे उसकी मौत हो गई.
अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को जिले के गोहलपुर इलाके में हुई. गोहलपुर पुलिस थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने कहा कि कुछ बच्चे टीम इंडिया की जीत की खुशी में पटाखे फोड़ रहे थे. इस दौरान कुछ बच्चों ने पटाखे को एक स्टील के गिलास के नीचे रखा था और विस्फोट के कारण स्टील ग्लास के टुकड़े हो गए.
उन्होंने बताया कि एक टुकड़ा कुछ दूरी पर खड़े दीपक ठाकुर नाम के बच्चे के पेट में घुस गया. अधिकारी ने बताया कि पांच साल के दीपक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.अधिकारी ने कहा कि बच्चे एक दिन पहले टी20 विश्व कप में भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए पटाखे फोड़ रहे थे, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है जिसके बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि शनिवार को वेस्टइंडीज के बारबडोस में खेले गए टी 20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने रोमांच तरीके से साउथ अफ्रीका को सात रनों से हरा दिया.भारत ने 2007 में इस खिताब को जीतने के 17 सालों बाद एक बार फिर टी20 विश्व कप पर कब्जा जमाया है. बता दें कि टीम इंडिया के इस शानदार प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने टीम के लिए 125 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है.
