नई दिल्ली। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अंतर्गत लोक उद्यम चयन बोर्ड ने एनएलसी इंडिया लिमिटेड में निदेशक (पावर) के महत्वपूर्ण पद के लिए पीएलएसएस चैतन्य प्रकाश के नाम की सिफारिश की है। मंगलवार, 9 जून 2026 को सुबह 8:45 बजे आयोजित बोर्ड की बैठक संख्या 44/2026 में गहन विचार-विमर्श और साक्षात्कारों के बाद सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई गई।
चैतन्य प्रकाश वर्तमान में दामोदर घाटी निगम में कार्यकारी निदेशक (संचालन) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस शीर्ष पद की दौड़ में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रमों के कुल 11 वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जिनका बोर्ड द्वारा साक्षात्कार लिया गया। इनमें एनएलसी इंडिया लिमिटेड के संतोष सी एस, दुरईकुमार एस, कौशिका सुब्रमण्यम सीव मुरुगन ए, नेवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड के संतोषकुमार; एनटीपीसी लिमिटेड के अरुण कुमार सक्सेना, भेल के अजय सक्सेना व बिकाश मिश्रा, सेल के अजय शर्मा तथा डीवीसी के मनोज कुमार ठाकुर शामिल थे।
इन सभी अनुभवी दावदारों के बीच से पीईएसबी ने पीएलएसएस चैतन्य प्रकाश के नाम की अनुशंसा की है, जो अब आवश्यक औपचारिकताओं और अंतिम मंजूरी के बाद एनएलसी इंडिया लिमिटेड में निदेशक (पावर) का कार्यभार संभालेंगे।
