भोपाल। भवानी धाम फेस-2 एवं टाउन की ‘मोहल्ला कल्याण समिति’ द्वारा आगामी रविवार को एक महत्वपूर्ण आम सभा का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक सुबह 09:30 बजे से 11:00 बजे तक स्थानीय शिव मंदिर प्रांगण (भवानी धाम फेस-2) में आयोजित होगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आम सभा में मुख्य रूप से समिति के वर्ष भर के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा, जिस पर कॉलोनी का कोई भी सदस्य शालीनतापूर्वक अपनी शंकाओं का समाधान कर सकता है।
इसके साथ ही समिति के पुनर्गठन को लेकर चर्चा होगी, जिसमें अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव सहित सभी पदों के लिए नए उम्मीदवारों का स्वागत किया गया है। बैठक में पिछले कार्यों के विवरण के साथ-साथ भविष्य के नए विकास कार्यों और योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। समिति ने बताया कि इस वर्ष सोसाइटी में पोल शिफ्टिंग, सोलर सिस्टम स्थापना, पानी की टंकी की सफाई, मंदिर की पुताई, पार्क रेनोवेशन, बड़े पार्क में मोटर व घास लगाने, पेड़-पौधों की व्यवस्था और मकान नंबर 127 से 165 तक नर्मदा पानी लाइन के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।
समिति के सदस्य आरके सोनी ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे एक जागरूक और जिम्मेदार रहवासी की भूमिका निभाते हुए इस वार्षिक आम सभा में अनिवार्य रूप से शामिल हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि बैठक में किसी भी तरह के वाद-विवाद से बचें और अपने सुझाव व शिकायतें सीधे सभा में रखें, ताकि कॉलोनी के विकास को मिलकर आगे बढ़ाया जा सके।
