सीहोर ,
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले की सीहोर विधानसभा से विधायक और बीजेपी प्रत्याशी का धमकी भरा अंदाज देखने को मिला. सीहोर विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राय ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि विरोधियों को सरकार बनने के बाद देख लेंगे. साथ ही झारखेड़ा में भी संबोधित करते हुए बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि बदमाशी करने वालों को चुनाव के बाद देख लेंगे. गुरुवार को सीहोर विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर में सीएम शिवराज सिंह चौहान की सभा होनी थी. लेकिन देरी होने के चलते मुख्यमंत्री ने जनता को मोबाइल फोन से संबोधित किया और देर रात्रि को सीएम पहुंचे भी थे.
इससे पहले सीहोर विधायक सुदेश राय ने संबोधित करते हुए धमकी भरे अंदाज में कहा, ”विरोधी तत्व ऐसे स्तर पर आकर चुनाव लड़ रहे हैं, जैसे उनकी सल्तनत आज ही लुट गई हो. मगर चिंता मत करना चुनाव. अपन जीतेंगे और सरकार भी अपनी आएगी, फिर इनको भी समझ लेंगे कितनी गुंडागर्दी आपको आती है. यह मेरी और परिवार की शराफत है कि 10 साल में इनका कुछ नहीं करा, लेकिन अब इस आंख उठे तो ऐसा जवाब दिया जाएगा कि उनसे बड़ा भी कोई है…..”
‘जो अच्छा करेंगे, उनको सिर पर बैठाऊंगा’
वहीं, सीहोर विधानसभा क्षेत्र के झारखेड़ा में भी विधायक सुदेश राय ने गुरुवार की रात्रि को संबोधित करते हुए चेतवानी देते हुए कहा कि यह जो अच्छा करेंगे, उनको सिर पर बैठाऊंगा और बदमाशी करेंगे, किसी का पॉलिटिकल एजेंट बनकर काम करेंगे, उनको चेतावनी देता हूं कि इस मंच से चुनाव के बाद उनको भी देख लूंगा. विधायक सुरेश राय के धमकी और चेतावनी भरे अंदाज के यह दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं.
