कैंसस
अमेरिका के कैंसस शहर में गुरुवार सुबह एक रैली के दौरान गोलीबारी हुई। एक व्यक्ति की मौत हो गई। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, 21 लोगों को गोलियां लगीं। इनमें 9 बच्चे हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया है। गोलीबारी की वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस तीनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो लोग एक हमलावर को पकड़ते नजर आ रहे हैं।
हमलावर को धक्का देकर गिराया फिर पकड़
दरअसल, नेवाडा राज्य के लास वेगास में हाल ही में एक फुटबॉल मैच हुआ। इसमें कैंसस सिटी चीफ नाम की टीम की जीत हुई। इस जीत को सेलिब्रेट करने के लिए कैंसस में रैली आयोजित की गई थी। इस टीम की यूनिफॉर्म लाल रंग की है, इसलिए रैली में जमा हुए लोगों मे लाल रंग के कपड़े पहने थे।
घटना के कई वीडियो सामने आए। एक में देखा जा सकता है कि गोलीबारी से भगदड़ मच जाती है। इस बीच एक आदमी और महिला तेजी से दौड़ते हुए हमलावर को पकड़ते हैं। उसे धक्का देकर गिरा देते हैं और उसे पकड़ लेते हैं। इस दौरान उसकी गन गिर जाती है। इसके बाद एक महिला हमलावर के पास पड़ी बंदूक को उठा लेती है।
रैली 3 किलोमीटर लंबी थी
हमलावर को पकड़ने वाले आदमी ने बताया- ‘रैली करीब 3 किलोमीटर लंबी थी। हजारों लोग इसमें शामिल थे। मैं हमलावर के पीछे ही था। जैसे ही गोलीबारी हुई लोग यहां-वहां भागने लगे। भीड़ के बीच मुझे हमलावर दिखा। मैंने पीछे से उसे पकड़ने की कोशिश की,लेकिन उस तक नहीं पहुंच पाया। कुछ सेकेंड बाद मैंने उसे धक्का दे दिया। जैसी ही वो गिरा मैंने अपना पूरा बल लगा दिया उसे पकड़ने के लिए। इतने में एक महिला आई और उसने हमलावर के पास पड़ी बंदूक उठा ली।’
बच्चों की उम्र 6-15 साल
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, सभी 21 घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां डॉक्टर्स ने बताया कि उनके पास 11 बच्चों लाया गया। इसमें से 9 बच्चों को गोलियां लगी थी। बाकी बच्चों को भगदड़ के चलते चोट आई थी। इन सभी बच्चों की उम्र 6-15 साल के बीच है।
2022 में फ्रीडम डे परेड में फायरिंग हुई थी
अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस (4 जुलाई) पर शिकागो में फ्रीडम डे परेड के दौरान गोलीबारी हुई थी। इस मामले में 22 साल के संदिग्ध रॉबर्ट ई क्रीमो III को गिरफ्तार किया गया है। क्रीमो एक रैपर है, वह हमला करने के बाद भागने की फिराक में था।
पुलिस ने शिकागो हाईवे पर लंबी दूरी तक पीछाकर रॉबर्ट को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसने खुद को म्यूजिशियन बताया। कल इलेनॉय राज्य के हाईलैंड पार्क की घटना में 6 लोगों की मारे गए थे, जबकि 31 घायल हो गए थे। परेड सुबह 10 बजे शुरू हुई थी, लेकिन फायरिंग होने के 10 मिनट बाद ही रोक दी गई। इसे देखने के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे।
