नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। मामला राजौरी गार्डन के एक फूड आउटलेट में सामने आया, जहां लड़की के साथ बैठे शख्स पर हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले में उस युवक को बचने का मौका नहीं मिला। उसे ताबड़तोड़ कई गोलियां लगीं, तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल शख्स को मृत घोषित कर दिया। जिस तरह से पूरी वारदात हुई वहां मौजूद लोगों को लगा कोई आतंकी हमला हो गया है। पूरे रेस्त्रां में दहशत का माहौल हो गया, वारदात के दौरान लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर छिपते नजर आए।
बर्गर किंग आउटलेट में अंधाधुंध फायरिंग
ये सनसनीखेज वारदात पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में मंगलवार देर शाम सामने आई, जब ‘बर्गर किंग’ आउटलेट में तीन अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि जे ब्लॉक इलाके में हुए इस हमले में युवक को कई गोलियां लगी थीं। उसे तुरंत ही अस्पताल में ले जाया गया, हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक शख्स के साथ एक और व्यक्ति भी था जो गोलीबारी शुरू होने पर वहां से भाग गया।
लड़की के साथ बैठे शख्स की गोली मारकर हत्या
अधिकारियों और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं दिल्ली में हुई सनसनीखेज वारदात को लेकर सूत्रों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि जब हमलावर पहुंचे और गोलीबारी शुरू की, तब जिस शख्स को गोली मारी गई वो बर्गर किंग में एक लड़की के साथ बैठा था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की भयावहता का जिक्र करते हुए एक निवासी ने कहा, ‘शुरू में, हमें लगा कि यह एक आतंकी हमला है। लेकिन बाद में हमने पुलिस को यह कहते हुए सुना कि यह एक गैंगवार है।’ पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हत्या की धारा के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बर्गर किंग आउटलेट पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए हैं। मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच और अन्य यूनिट्स को भी शामिल किया गया है। इलाके में पुलिस की तैनाती और गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कहा कि उन्होंने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी करने के लिए टीमें बनाई हैं।
