लखनऊ,
यूपी एसटीएफ ने अतीक अहमद के बेटे असद का गुरुवार को एनकाउंटर कर दिया था. इसको लेकर अखिलेश यादव और मायावती के बाद अब मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि यूपी में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. अतीक अहमद के बेटे असद और गुलाम के एनकाउंटर पर सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि यूपी में लगातार फेक एनकाउंटर होते जा रहे हैं. भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जिसमें रूल्स और रेगुलेशन हैं. उत्तर प्रदेश में उनकी लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.
ओवैसी बोले- एनकाउंटर से कानून कमजोर होता है
AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी असद के एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि एनकाउंटर से कानून कमजोर होता है. उन्होंने कहा कि जब मैं 1994 में विधायक था. संयुक्त आंध्र प्रदेश में वामपंथी उग्रवाद के साथ इस तरह की मुठभेड़ हुई थी. मैं इसके खिलाफ विधानसभा में बोला था. एनकाउंटर से कानून व्यवस्था कमजोर होती है. आप जज का काम करना चाहते हैं.
क्या असद के ही हाथ में बंदूक थी?
ओवैसी ने कहा कि यह संविधान के खिलाफ है. सरकार को कानून के शासन से चलाने के बजाय आप इसे ‘बंदूक के शासन’ से चलाना चाहते हैं. मेरे भाई पर भी हमला हुआ, उसकी तबीयत पहले जैसी नहीं है. लोगों ने मुझसे पूछा है कि आप उनके खिलाफ क्या कर रहे हैं. मैंने पुलिस कमिश्नर से आरोपी की सुरक्षा बढ़ाने को कहा. मैंने कहा कि उसे कोर्ट के जरिए इंसाफ दिलाया जाए. ओवैसी ने कहा कि इधर मीडिया बोल रही है कि उमेश पाल के मर्डर के समय असद के हाथ में बंदूक थी. क्या उस समय उसी के हाथ में बंदूक थी?
