छतरपुर
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कोतवाली टीआई ने अरविंद कुजूर ने खुद को गोली मार ली है। गुरुवार की देर शाम उन्होंने अपने बंगले में सर्विस रिवॉल्वर से फायर कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी डीआईजी, एसपी और एएसपी मौके पर पहुंच गए हैं।
दरअसल, घटना छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के पेप्टेक टाऊन की है। यहां निजी बंगले के अंदर टीआई ने रिवॉल्वर से खुद पर फायरिंग कर ली है। टीआई ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया है। इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, मौके पर पहुंचे डीआईजी ललित शाक्यवार, एसपी और एएसपी जांच कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
क्यों उठाया खौफनाक कदम
टीआई के ऐसा खौफनाक कदम उठाने की वजह की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंचे अधिकारी जांच करने में जुटे हैं। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि उन्होंने गोली किस रिवाल्वर से मारी है। फिलहाल आशंका लगाई जा रही है कि खुद की सर्विस रिवॉल्वर से ही गोली मारी है। साथ ही यह भी आशंका लगाई जा रही है कि टीआई पिछले कई दिनों से परेशान चल रहे थे। इसी के चलते यह कदम उठाया है।
