चेन्नै
तमिलनाडु में एक बड़ा एक्शन हुआ है। यातायात (उत्तर) के संयुक्त पुलिस आयुक्त डी. मागेश कुमार को निलंबित कर दिया गया। मागेश कुमार पर दो महिला कॉन्स्टेबलों ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इस खबर ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। इधर मामले में एक्शन के बाद आईपीएस की पत्नी खुलकर सामने आईं और उन्होंने दोनों महिला कॉन्स्टेबल पर आरोप लगाए हैं।सूत्रों के अनुसार, दोनों कांस्टेबलों ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) शंकर जीवाल के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि मागेश कुमार कई महीनों से उसका उत्पीड़न कर रहे थे।
चैट के स्क्रीनशॉट्स किए शेयर
कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया कि मागेश कुमार उससे यौन संबंध बनाने की मांग कर रहे थे। जब उसने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो उन्होंने कथित तौर पर उसे टेक्स्ट मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए परेशान करना जारी रखा। कहा जा रहा है कि उन्होंने उसका शारीरिक उत्पीड़न भी किया। उसने अपनी शिकायत के सबूत के तौर पर उसने दोनों के बीच हुई चैट के स्क्रीनशॉट भी दिए हैं।
ICC समिति को दी गई जांच
यह मामला अब आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को भेज दिया गया है। इस समिति का नेतृत्व DGP रैंक की अधिकारी सीमा अग्रवाल कर रही हैं। समिति आगे की जांच करेगी। समिति की सिफारिशों और निष्कर्षों के आधार पर उचित अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनसे मामले की जानकारी रखने वाले लोगों से पूछताछ करने की उम्मीद है।
एक हफ्ते से मेडिकल लीव पर मागेश
मागेश कुमार एक DIG रैंक के अधिकारी हैं। वह पिछले साल दिसंबर तक यातायात (दक्षिण) के संयुक्त आयुक्त थे। इसके बाद उनका तबादला यातायात (उत्तर) में कर दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि मागेश कुमार पिछले एक हफ्ते से मेडिकल छुट्टी पर थे। दिंडीगुल के रहने वाले मागेश कुमार 1999 में DSP के रूप में पुलिस बल में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें IPS की उपाधि दी गई। इससे पहले वे अंबत्तूर में पुलिस उपायुक्त और कृष्णागिरी जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
सफाई में उतरीं आईपीएस की पत्नी
इधर मागेश कुमार की पत्नी अनुराधा अपने पति के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने आरोप लगाए कि महिला कॉन्स्टेबल्स ने उनके साथ स्वेच्छा से संबंध बनाए। उन्होंने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी दिखाईं, जिनमें अनुराधा होटल के रूम में जाती और निकलती दिखाई दे रही हैं। आईपीएस की पत्नी ने आरोप लगाए कि कॉन्स्टेबल ने उनके पति से 25 लाख रुपये मांगे थे। उन्होंने देने से इनकार कर दिया तो उसने मागेश को ब्लैकमेल किया।
