नई दिल्ली
दिल्ली की नई सरकार का शपथ ग्रहण आज रामलीला मैदान में हो रहा है। इसमें रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। यह ऐतिहासिक समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, और बीजेपी शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम की उपस्थिति में हो रहा है। राजधानी में 27 साल बाद बीजेपी सत्ता में लौटी है। रेखा गुप्ता के साथ छह अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बीच वरिष्ठ नेता विजेंदर गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष और मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर नियुक्त किए जाने की संभावना है।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को हराया था. रेखा गुप्ता इस सीट से 29000 से ज्यादा वोटों से जीती थीं. रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज भी शपथ लेंगे.
विजेंदर गुप्ता, जो रोहिणी से तीसरी बार विधायक बने हैं, को दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए नामित किया गया है। बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके गुप्ता ने एमसीडी चुनावों में तीन बार जीत हासिल की है और 2015 व 2020 के चुनावों में भी अरविंद केजरीवाल की लहर के बावजूद अपनी सीट बचाई थी। अपने अनुभव और राजनीतिक पकड़ के कारण वह पार्टी के मजबूत नेता माने जाते हैं। उन्होंने पिछली आप सरकार पर कैग रिपोर्टों को सदन में पेश न करने का आरोप लगाया था और इस मुद्दे को अदालत में भी उठाया था।
मुस्तफाबाद से विधायक मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर की भूमिका दी जा सकती है। उनका भी पार्टी में मजबूत आधार है और वह कई वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। विजेंदर गुप्ता और बिष्ट की नियुक्ति पार्टी की नई नेतृत्व टीम के गठन का हिस्सा है, जो दिल्ली में बीजेपी शासन की नई शुरुआत का संकेत है।
बीजेपी ने इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हराकर 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की। यह जीत पार्टी के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि पिछले दो चुनावों में पार्टी को दहाई के आंकड़े तक पहुंचने में भी मुश्किल हुई थी। इस बार की जीत ने पार्टी को एक मजबूत और स्थायी शासन के संकेत दिए हैं, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह है।
दिल्ली की नई सरकार के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। कार्यक्रम में पीएम मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के कई सीएम और डिप्टी सीएम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
PM मोदी के विजन को पूरा करेंगे: मनजिंदर सिंह सिरसा
बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का शुक्रगुजार हूं कि मुझे दिल्ली की उस टीम में लिया गया है, जो राजधानी के भीतर पीएम मोदी के विजन को साकार करने के लिए बनी है.
रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की सुरक्षा
दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है. गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने जेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है. इसके अलावा रेखा गुप्ता के घर की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. शपथ लेते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी सुरक्षा मिल जाएगी. इसमें 2 PSO राउंड द क्लॉक और 1 एस्कॉर्ट गाड़ी जिसमें सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, तैनात रहेंगे. रेखा गुप्ता के घर पर फ्रंट पर 4 पुलिसकर्मी, बैंक साइड पर 4 पुलिसकर्मी और 2 कमांडो मौजूद रहेंगे. (इनपुट- अरविंद ओझा)
