जयपुर
राजस्थान सरकार में मंंत्री अविनाश गहलोत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें वो कहते दिख रहे हैं- ‘हमारी सरकार तो पर्ची से चल रही है.’ इस वीडियो पर राजनीतिक विवाद भी छिड़ गया है . राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि अब तो ख़ुद मंत्री कह रहे हैं. कि उनकी सरकार पर्ची से चलती है. हालांकि, इस विवाद के बाद अविनाश गहलोत की सफ़ाई भी आई है.
अविनाश गहलोत राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं. वो ब्यावर ज़िले के जैतारण विधानसभा सीट से विधायक हैं. 2 फ़रवरी को इसी विधानसभा क्षेत्र के लाम्बिया गांव के जयमल जैन गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे थे. वसंत पंचमी के मौक़े पर वो एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने अब सफ़ाई देते हुए आजतक से कहा,
वीडियो का ज़िक्र करते हुए अविनाश गहलोत ने बताया कि उन्होंने कहा- ‘क्या आपने पर्ची लाई है?’ इस पर ग्रामीण ने कहा- ‘हां, मैंने पर्ची लाई है.’ तब अविनाश गहलोत बोले- ‘म्हारी तो सरकार ही पर्चा से चाले है.’ अविनाश गहलोत का कहना है कि उन्होंने विपक्ष पर चुटकी लेने के लिए ये कहा था. उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने कहा- ‘चलो, आप भी मुझे पर्ची दे दीजिए. हम आपका काम करेंगे.’
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने आगे बताया कि इस बयान को विपक्ष और कुछ मीडिया संस्थान ग़लत तरीक़े से पेश कर रहे हैं. उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. गहलोत के मुताबिक़, लेकिन मैंने गांव वालों के साथ सहजता के साथ बातचीत के लिए ही ये कहा था. क्योंकि गांव वालों में उत्साह था. वो मुझे घोड़े पर बैठाकर सभा स्थल लेकर गए थे.
इससे पहले, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष और राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री ने अविनाश गहलोत के वीडियो पर सवाल उठाए थे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, अब तो ख़ुद सरकार के मंत्री कह रहे हैं. कि BJP सरकार पर्ची से चलती है.बताते चलें, राजस्थान की राजनीति में ‘पर्ची सरकार’ बड़ा मुद्दा है. कांग्रेस पार्टी लगातार भजनलाल शर्मा सरकार को ‘पर्ची सरकार’ होने का आरोप लगाती है.
