नई दिल्ली
संसद के मॉनसून सत्र में गुरुवार को अलग ही नजारा देखने को मिला। पिछले सोमवार से शुरू हुए सत्र में अब तक बैकफुट पर दिख रही बीजेपी आज फ्रंटफुट पर नजर आई। बीजेपी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस सांसद अधीर चौधरी की ‘राष्ट्रपत्नी’ वाली टिप्पणी पर कांग्रेस पर जमकर हमला किया। हमले का मोर्चा केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के हाथ में था। स्मृति ने पहले संसद के बाहर और फिर लोकसभा में कांग्रेस को खूब सुनाया। स्मृति इरानी ने कहा कि आज इस सदन में कांग्रेस का एक ऐसा नेता विराजमान है जिन्होंने राष्ट्र के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजित द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया।
आदिवासी महिला का यह सम्मान पचा नहीं पार रही कांग्रेस
स्मृति इरानी ने कहा कि सदन का नेता होने के नाते सड़क पर जाकर अपमान किया। राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनते ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा का केंद्र बनीं। कांग्रेस के पुरुष नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को कठपुतली कहा। कांग्रेस ने पुरुष नेताओं ने द्रौपदी को अमंगल का प्रतीक कहा। कल कांग्रेस के नेता सदन ने देश की राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित कर उनका अपमान किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी महिला का यह सम्मान पचा नहीं पा रही है।
महिला सांसदों ने की नारेबाजी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के उस नेता को अपने उस कृत्यपर टोकते हुए कहा कि आप देश की महामहिम का अपमान कर रहे हैं। इसके बावजूद अधीर रंजन चौधरी ने देश की राष्ट्रपति का अपमान वापिस नहीं लिया। स्मृति इरानी के बयान के दौरान सत्ता पक्ष की तरफ से महिला सांसदों ने भी अधीर रंजन और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की।
सोनिया ने कहा- अधीर पहले ही माफी मांग चुके हैं
वहीं, इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी इस पर माफी मांग चुके हैं। वहीं, इस पूरे मामले पर अधीर रंजन चौधरी की तरफ से सफाई भी आ चुकी है। अधीर रंजन ने कहा कि मुझसे चूक हो गई है। उन्होंने कहा कि मेरे मुंह से गलती से वो शब्द निकल गया था। इसके लिए क्या मुझे फांसी पर लटका दोगे।