भाई-बहन के बीच सब ठीक नहीं… राहुल की भारत जोड़ो यात्रा से प्रियंका के नदारद रहने पर अनुराग ठाकुर ने साधा निशाना

हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए पहुंंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘टुकड़े-टुकड़े’ गिरोह के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के इस यात्रा से दूर रहने पर सवाल उठाया। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने विश्वास जताया कि बीजेपी पिछले पांच साल में डबल इंजन सरकार के किए गए अच्छे कार्यों की वजह से हिमाचल प्रदेश में सत्ता में वापस लौटेगी।

अनुराग ठाकुर ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, ‘राहुल जी देश के खिलाफ नारे लगाने वाले ‘टुकडे़-टुकड़े’ गिरोह के साथ यात्रा कर रहे हैं। शायद यही वजह है कि प्रियंका जी इसमें शामिल नहीं हुईं या शायद एक भाई को अपनी बहन याद नहीं आई। क्या भाई-बहन के बीच सब ठीक है?’

‘कांग्रेस ने हिमाचल का विकास रोका’
हालांकि मंत्री ने यह नहीं बताया कि ‘टुकड़े-टुकड़े’ गिरोह से उनका क्या मतलब है। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भी हिमाचल प्रदेश के हितों के लिए काम नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी ने राज्य में विकास को रोक दिया और उसे कोई बड़ी परियोजना नहीं मिली।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी ने सुनिश्चित किया कि हिमाचल प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी विकास में विश्वास करती है वहीं कांग्रेस झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी का नारा ‘डबल इंजन की गाड़ी, बीजेपी संग पहाड़ी’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से विश्वास जताएंगे और ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने में मदद करेंगे।

About bheldn

Check Also

अब NO राजनीति! दरभंगा AIIMS पर दिल्ली से आई गुड न्यूज, ताजा अपडेट जान लीजिए

दरभंगा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दरभंगा के शोभन बाइपास वाली जमीन को एम्स निर्माण के …