दो दिन के भीतर दूसरा केस हो गया दर्ज, आजम खान के साथ रामपुर में ये क्या हो रहा है?

रामपुर

रामपुर शहर विधानसभा सीट पर करीब चार दशक के बाद आजम खान मुख्य भूमिका में नहीं हैं। चुनावी मैदान में भले ही वे न हों, लेकिन अपने रसूख की बदौलत चुनावी मैदान को साधने की कोशिश जरूर कर रहे हैं। अपने विवादित बयानों के लिए जाने जानेवाले आजम खान एक बार फिर चुनावी मैदान में पूरे जोर-शोर से उतरे हुए हैं। बीमार हैं। भावुक हो रहे हैं। रामपुर में प्रतिष्ठा की लड़ाई बता रहे हैं। अपने किए कार्यों का हवाला दे रहे हैं। लोगों से साथ आने की अपील कर रहे हैं। ‘भेड़िया’ का डर दिखा रहे हैं। कभी रामपुर में विपक्षी दल को न घुसने देने की बात कर रहे हैं। इस सबके बीच कुछ ऐसी बातें भी कर दे रहे हैं जो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का हथियार बन रहा है। पिछले दो दिनों में आजम खान के खिलाफ दो मामले दर्ज हुए हैं। एक केस महिलाओं की ओर से कराया गया है। दूसरा समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त जनसभा के दौरान दिए गए उनके भाषण पर केस दर्ज हुआ है। शहर कोतवाली में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

आजम खान ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया था। अखिलेश यादव रामपुर के चुनावी मैदान में 1 दिसंबर को उतरे थे। किला के मैदान में उन्होंने जनसभा की थी। इस जनसभा में शामिल होते हुए आजम खान ने ऐसा बयान दिया जो अब उनके लिए परेशानी का सबब बन गया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। शहर कोतवाली में दर्ज कराए गए केस में कहा गया है कि आजम खान ने इस जनसभा में आपत्तिजनक बयान दिया।

भाषण में क्या कही थी बात?
दरअसल, आजम खान ने जनसभा में लोगों की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि तुम कम हो, वर्दियां ज्यादा हैं। वाह रे मेरे देश के चलाने वालों मुबारक हो। चुनाव आयुक्त को कथित तौर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि इलेक्शन कमिश्नर यहां आ जाओ। दे दो जीत का सर्टिफिकेट। एमएलए का सर्टिफिकेट। हम भी ताली बजाएंगे। उनका इशारा भाजपा उम्मीदवार को जीत घोषित किए जाने का था। दरअसल, आजम खान ने पहले ही इस संबंध में घोषणा की थी। इसके बाद उनकी ओर से आपत्तिजनक बयान दिए जाने की बात कही गई है।

आजम खान ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि अखिलेश यादव के रामपुर आने पर वे उनके समक्ष भाजपा उम्मीदवार को जीत का सर्टिफिकेट दे दिए जाने संबंधी प्रस्ताव चुनाव आयुक्त के समक्ष रखने की बात करेंगे। आजम ने आरोप लगाया था कि वोटरों को धमकाया जा रहा है। जनसभा में उन्होंने अपने पुराने बयान को दोहराया। वीडियो वायरल होने के बाद शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है। आजम के वायरल वीडियो के आधार पर वीडियो निगरानी टीम के प्रभारी सुदेश कुमार सागर ने धारा 153ए, 505(1)(B) और 125 के तहत केस दर्ज कराया है।

महिलाओं की ओर से दर्ज कराया था केस
आजम खान पर इससे पहले महिलाओं ने केस दर्ज कराया है। दरअसल आजम खान ने 29 नवंबर को शुतरखाना इलाके में एक जनसभा को संबोधित किया था। कथित वायरल में कहते दिख रहे हैं कि आज जो मेरे और हमारे लोगों के साथ हो रहा है, उसका इंतकाम लेने के लिए कोई न कोई जरूर पैदा होगा। भले ही मैं उस दिन मैं रहूं, या न रहूं। आप लोग तो रहेंगे ही। उन्होंने आगे कहा था कि जैसा सलूक हमारे साथ हो रहा है, वैसा अगर चार सरकारों में रहने के दौरान मैं ऐसा करता तो बच्चा मां के पेट से पैदा होने से पहले यह पूछता कि पूछ लो आजम खान से, बाहर निकलना है या नहीं।

आजम खान के इसी कथित बयान का विरोध जताते हुए महिलाओं ने शुक्रवार की देर रात केस दर्ज कराया था। स्थानीय महिलाओं की शिकायतों के बाद मामला दर्ज किया गया है। आजम खान के खिलाफ आईपीसी की धारा 354ए, धारा 294बी, 153ए, 505, 509, 504 और 125 के तहत केस दर्ज किया गया।

About bheldn

Check Also

टेस्टी खाना नहीं बनाने पर सनकी इंसान ने मां को मार डाला, महाराष्ट्र में हैरान कर देने वाली घटना

मुंबई: मुंबई से सटे ठाणे से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई हैं। एक …