नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव एक लाख से से ज्यादा मतों के बड़े अंतर से आगे चल रही हैं। उनकी जीत तय मानी जा रही है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के प्रमुख और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने डिंपल यादव को जीत की बधाई दे दी। उन्होंने ट्वीट कर अपने विधानसभा क्षेत्र जसवंत नगर के वोटर्स को धन्यवाद भी दिया।
रामपुर विधानसभा सीट पर सपा उम्मीदवार और आजम खान के करीबी आसिम रजा 5 हजार वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनावों की मतगणना में सपा समर्थित रालोद (RLD) के उम्मीदवार मदन भैया करीब आठ हजार वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
बिहार के कुढ़नी में सत्तारुढ़ जेडीयू के उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा अब आगे हो गए हैं। पहले यहां भाजपा के उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता आगे चल रहे थे। इस सीट पर कांटे की टक्कर सामने आ रही है। दोनों के बीच लगभग एक हजार वोटों का अंतर है। राजस्थान के सरदारशहर से कांग्रेस उम्मीदवार अनिल कुमार शर्मा लगातार आगे चल रहे हैं। उन्होंने 20 हजार से ज्यादा का अंतर बनाकर रखा हुआ है। वहीं, ओडीशा के पदमपुर से बीजद उम्मीदवार वर्षा सिंह बरिहा 12 हजार मतों के अंतर से और छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी फिलहाल 10 हजार वोटों के अंतर से आगे चल रही हैं।