नई दिल्ली
देश के खजाने को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। नौ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.91 अरब डॉलर बढ़कर 564.06 अरब डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार पांचवें सप्ताह तेजी आई है। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 11 अरब डॉलर बढ़कर 561.16 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। अक्टूबर, 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। चुनौतिपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बीच आरबीआई को रुपये में गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करना पड़ा था। इस कारण देश के मुद्रा भंडार में गिरावट आई थी।
फॉरेन करेंसी एसेट्स में हुई बढ़ोतरी
केंद्रीय बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, कुल मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा माने जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (FCA) नौ दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 3.141 अरब डॉलर बढ़कर 500.125 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशीमुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व घटा
वहीं, देश के स्वर्ण भंडार के मूल्य में गिरावट आई है। 9 दिसंबर को समाप्त हुए सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 29.6 करोड़ डॉलर घटकर 40.729 अरब डॉलर रह गया।
एसडीआर में हुई बढ़ोतरी
आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 6.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.106 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में रखा देश का मुद्रा भंडार भी 20 लाख डॉलर बढ़कर 5.11 अरब डॉलर हो गया।