नई दिल्ली
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारतीय और चीनी सैनिकों की झड़प पर अपने बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीजेपी (BJP) के निशाने पर आ गए हैं। इस पर कांग्रेस के प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि जो स्टैंड बीजेपी राहुल गांधी के खिलाफ ले रही है, अगर उसका 10 फीसदी भी सीमा पर दिखाएं तो चीन की हिम्मत नहीं होगी।
डिबेट में क्या बोले कांग्रेस नेता
एक टीवी डिबेट के दौरान उन्होंने कहा कि जितना तीव्र और तीखा स्टैंड पूरी भारतीय जनता पार्टी, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ ले रहे हैं, अगर इसका 10 प्रतिशत भी चीन के खिलाफ दिखा देते तो, वो इधर का रुख करना बंद कर देगा।उन्होंने कहा, “जो लाल आंख वाले हैं, उन्हें अगर सच का आइना दिखाएं तो उनका चेहरा पीला और जुबान काली हो जाती है। और वे प्रतिपक्षी नेताओं को अपशब्द कहने लगते हैं।”
क्या बोले थे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र पर आरोप लगाया कि चीन भारत की सीमा पर युद्ध की तैयारी कर रहा है और भारत सरकार सोई हुई है व खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चीन ने 2,000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है, 20 भारतीय सैनिकों को मार डाला है और अरुणाचल प्रदेश में हमारे जवानों की पिटाई कर रहा है।
राहुल गांधी के इस बयान से सियासी पारा चढ़ गया है। कई बीजेपी नेताओं ने उन्हें निशाने पर लिया है। अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी उन पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी पर चीन के नाम पर डर फैलाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या विपक्षी नेता का सशस्त्र बलों से भरोसा उठ गया है।
बता दें कि तवांग में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। संसद में भी यह मुद्दा पूरे जोर-शोर के साथ उठाया गया था। बता दें कि 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में यांगत्से में भारत और चीनी सेना के जवानों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान, दोनों देशों के सैनिकों को चोटें भी आई थीं।