मैं अब भी भारत से प्यार करती हूं… उस जापानी लड़की ने हमें माफ कर शर्मिंदा कर दिया!

नई दिल्ली

सोशल मीडिया पर होली का वायरल वीडियो आपने जरूर देखा होगा। कुछ लड़के एक जापानी लड़की के जबरन रंग लगा रहे हैं। उसके सिर पर अंडा फोड़ रहे हैं। वीडियो देखने के बाद सोचिए कि अगर आप विदेश घूमने जाएं, तभी कुछ लोग आपको घेर लें और आपके सिर पर अंडे फोड़ें, तो आपको कैसा महसूस होगा? क्या आप दोबारा उस जगह जाने के बारे में सोचेंगे? क्या आप कहेंगे कि अब भी आपको वो देश पसंद है? शायद नहीं… जब हमें ये सब पसंद नहीं तो हमें दूसरे के साथ ये सब करने का हक किसने दे दिया। गायत्री परिवार को शुरु करने वाले पंडित श्री राम शर्मा कहते थे दूसरों के साथ वह व्यवहार मत करो, जो तुम्हें खुद अपने लिए पसंद नहीं है। ये घटना दिल्ली के पहाड़गंज इलाके की है। वीडियो में जो लड़के जापानी लड़की से बदसलूकी कर रहे थे, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया है। लेकिन जिस जापानी लड़की के साथ ये हरकत की गई, उसने आरोपियों के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। उल्टा वो अब भी भारत को पंसद करने की बात कहती दिख रही है।

‘भारत से नफरत नहीं कर सकती’
सोशल मीडिया पर जब ये वीडियो वायरल हुआ तो जापानी लड़की का रिएक्शन सामने आया। लड़की ने कहा, ‘मैं भारत की पॉजिटिव चीजों को ही दिखाना चाहती थी। हम उम्मीद करते हैं कि अगले साल से होली के त्योहार पर महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न में कमी आएगी, और सबसे अहम बात, मैं भारत के बारे में सबकुछ पसंद करती हूं। मैं वहां कई बार गई हूं और यह एक शानदार देश है। यह एक ऐसा देश है जिससे आप इस तरह की घटना के बावजूद नफरत नहीं कर सकते। भारत और जापान हमेशा तोमोडाची (दोस्त) रहेंगे।’

अब विदेशी पर्यटक होंगे सोचने पर मजबूर
जापानी लड़की ने इतना कुछ होने के बाद भी उदारता का परिचय दिया। लेकिन उसके कुछ न कहने में ही सब कुछ छिपा है। भले ही वो लड़की सोशल मीडिया पर भारत को पसंद करने की बात कहे, लेकिन इस घटना के बाद दुनियाभर से भारत आने वाले टूरिस्ट एक बार सोचने को जरूर मजबूर हो जाएंगे। होली भारत के सबसे खूबसूरत त्योहारों में से एक है। हर साल दुनियाभर से हजारों पर्यटक होली मनाने भारत आते हैं। मथुरा-वृंदावन में होली के रंग में रंगने वालों की भीड़ लगती है। ये ही इस त्योहार की खूबसूरती भी है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप त्योहार की आड़ में कुछ भी कर सकते हैं। सोच कर देखिए अगर आप किसी देश में घूमने जाएं और आपके साथ ऐसा हो।

किसी भी तरह नहीं किया जा सकता जस्टिफाई
कुछ लोग लड़कों के पक्ष में भी खड़े हो रहे हैं। लेकिन उन्हें ये जान लेना चाहिए कि होली के हुड़दंग में वो लड़के इतना मदहोश हो गए कि उन्होंने न मेहमान की गरिमा का लिहाज किया और न ही एक महिला की। इस घटना को किसी भी तरीके से सही नहीं ठहराया जा सकता। भले ही जापानी लड़की अपने दोस्तों के साथ होली मनाने के लिए ही भारत आई थी, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप किसी को भी पकड़ सकते हैं, किसी को भी जबरन रंग लगा सकते हैं, किसी के भी सिर में अंडा फोड़ सकते हैं।

‘न’ का मतलब होता है सिर्फ ‘न’
वायरल वीडियो में जापानी लड़की खुद को बचाने की कोशिश करती दिख रही है, वो बार बार ‘बाय-बाय’ बोल रही है, लेकिन इससे उन लड़कों को कोई असर नहीं पड़ रहा। बॉलीवुड की फिल्म पिंक में अमिताभ बच्चन ने एक बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ‘न’ सिर्फ एक शब्द नहीं, अपने आप में एक पूरा वाक्य है … इसे किसी तर्क, स्पष्टीकरण, एक्सप्लेनशन या व्याख्या की जरूरत नहीं होती, न का मतलब न ही होता है, No का मतलब No होता है।’

इस घटना ने एक बार फिर ये सोचने को मजबूर कर दिया है कि हम कहां आ गए हैं। थोड़े से मजाक के चक्कर में हम किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं। दुनियाभर में भारत की छवि को बनाने के लिए अनगिनत महापुरुषों ने योगदान दिया है। जापान जैसे देशों में भारत ने आध्यात्मिक ज्ञान देने का काम किया है। भारत के बुद्ध के आदर्शों से लाखों जापानी लोग प्रेरणा लेते हैं। लेकिन उन्हीं बुद्ध के देश में अगर मेहमानों के साथ ऐसे बदसलूकी की जाएगी तो क्या संदेश जाएगा ये आप खुद सोच सकते हैं।

About bheldn

Check Also

मध्य प्रदेश : कॉलेज में घुसकर बदमाशों ने लहराई तलवार, छात्रों को गाली दी, छात्राओं से की छेड़छाड़

सीहोर, मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बदमाश बेखौफ होकर धारदार हथियारों के साथ घूम …