गुजरात के पावागढ़ में काली मंदिर की छत का एक हिस्सा गिरा, एक श्रद्धालु की मौत- नौ घायल

अहमदाबाद

गुजरात के पंचमहल जिले में पावागढ़ काली मंदिर के फिर से बनाए गए नए परिसर का एक हिस्सा गुरुवार दोपहर को भारी बारिश के दौरान गिर गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई और दो नाबालिगों समेत कम से कम नौ श्रद्धालु घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक मंदिर के नए परिसर के माची के रास्ते में पत्थरों से बने धनुषाकार गज़ेबो का एक हिस्सा अचानक ढह गया था।

सभी घायलों का वडोदरा में इलाज जारी, हालत खतरे से बाहर
पुलिस ने मृतक श्रद्धालु की पहचान 40 वर्षीय गंगा देवीपूजक के रूप में की है। घायलों को पहले हलोल रेफरल अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन सबको वडोदरा रेफर कर दिया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। कुछ घायलों की पहचान 21 साल के मीना पलाश और राजवंश देवीपूजक, 18 साल के सुमित्रा राठवा, 25 साल के विजय भाईलाल देवीपूजक, 5 साल के मारी विजय देवीपूजक, 28 साल के दीपक देवीपूजक, 30 साल के सोनल देवीपूजक औक 2 साल के दक्ष देवीपूजक के रूप में हुई है।

बारिश से बचने के लिए गज़ेबो के नीचे खड़े थे श्रद्धालु
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना दोपहर एक बजे के आसपास हुई जब तेज हवा के साथ भारी बारिश के बाद पहाड़ी के ऊपर स्थित काली माता मंदिर में आने वाले श्रद्धालु छिपने के लिए गज़ेबो के नीचे जमा हो गए थे। उन्होंने कहा कि नए पुनर्निर्मित मंदिर परिसर की ओर जाने वाले रास्ते में गुलाबी पत्थरों से बनी गुंबद के आकार की छत चाचर चौक पर ढह गई और तीर्थयात्रियों पर गिर पड़ी।

पुनर्निर्मित मंदिर परिसर का उद्घाटन पीएम मोदी ने पिछले साल जून में किया था। हलोल से भाजपा विधायक जयधरतसिंह परमार हलोल अस्पताल पहुंचे थे। पंचमहल के हलोल थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

एसएसजी अस्पताल वडोदरा के डॉक्टर ने क्या कहा
वडोदरा के एसएसजी अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. उस्मान बेलिम ​​ने कहा कि सभी नौ मरीजों को ‘ग्रेड 1’ की चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, “कोई भी मरीज गंभीर नहीं है। हम चोटों को ग्रेड में वर्गीकृत करते हैं और सभी नौ घायलों को ग्रेड 1 की चोटें होती हैं। मुख्य रूप से एक हाथ या पैर में फ्रैक्चर या सिर में मामूली चोटें होती हैं। घायलों में से केवल एक को सर्वाइकल की चोट है, लेकिन उसकी हालत भी स्थिर है। पत्थरों के गिरने से एक अन्य महिला मरीज के पेट में चोटें आई हैं।”

 

About bheldn

Check Also

अब NO राजनीति! दरभंगा AIIMS पर दिल्ली से आई गुड न्यूज, ताजा अपडेट जान लीजिए

दरभंगा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दरभंगा के शोभन बाइपास वाली जमीन को एम्स निर्माण के …