सीएम योगी से हुई राजा भैया की मुलाकात? BJP प्रदेश अध्यक्ष से मीटिंग के बीच गरमाई यूपी की सियासत

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव होता दिख रहा है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी- कांग्रेस गठबंधन फाइनल हो गया है। वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर भी प्रदेश की राजनीति में बदलाव हो गया है। प्रदेश की सियासी हलचल काफी गरमा गई है। सूत्रों का दावा है कि इस गठबंधन के ऐलान के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से मुलकात हुई है। यह मुलाकात सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल से राजा भैया की मुलाकात के 24 घंटे के भीतर हुई है। सपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के बाद राजा भैया का झुकाव सपा की ओर होता दिख था। हालांकि, अब सीएम योगी से मुलाकात के बाद देर रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी से भी उनकी मुलाकात हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजा भैया के आवास पर पहुंच कर मुलाकात की है। इस दौरान सीएम योगी के ओएसडी श्रवण बघेल के भी मौजूद रहने का दावा किया जा रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेताओं और राजा भैया की मुलाकात की सूचना है। इससे पहले मंगलवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी राजा भैया से मुलाकात करने पहुंचे थे। राजा भैया बुधवार की शाम को सीएम योगी से मिले थे। भाजपा राज्यसभा चुनाव के लिए आठवीं सीट पर जीत की कवायद में जुटी हुई है।

यूपी की 10 सीटों पर 11 कैंडिडेट
यूपी 10 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की 7 और सपा की 3 सीटों पर जीत तय मानी जा रही थी। इसी बीच भाजपा ने संजय सेठ के रूप में आठवां प्रत्याशी चुनाव में उतार दिया। इसके बाद राज्यसभा चुनाव दिलचस्प हो गया है। यूपी की 10 राज्यसभा की सीटों के लिए 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव के लिए सपा ने रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से समर्थन मांगा है। 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग तय है।

सूत्रों का दावा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजा भैया के दो विधायकों यानी एक तो खुद रघुराज प्रताप सिंह और दूसरा विनोद सोनकर से समर्थन मांगा है। सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि राजा भैया के संपर्क में चार विधायक हैं। इसमें दो उनकी पार्टी और दो अन्य पार्टियों के हैं। माना जा रहा है कि ये विधायक भी राजा भैया के कहने पर सपा को समर्थन दे सकते हैं।

About bheldn

Check Also

अब NO राजनीति! दरभंगा AIIMS पर दिल्ली से आई गुड न्यूज, ताजा अपडेट जान लीजिए

दरभंगा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दरभंगा के शोभन बाइपास वाली जमीन को एम्स निर्माण के …