अशोक नगर
लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के बाद देश में राजनीतिक दल और प्रत्याशी अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट जहां से बीजेपी से ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस यादवेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार के दौरान सिंधिया गुना, अशोक नगर और शिवपुरी में दौरा कर रहे हैं। ऐसे में जैसे ही ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोक नगर पहुंचे वहां, माल्यार्पण करने के लिए नेता और कार्यकर्ताओं की भीड़ पहुंची। कार्यकर्ताओं के ऐसा करने पर सिंधिया सख्त लहजे में अपील करते नजर आए।
दरअसल, पिछले दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर, गुना, शिवपुरी दौरे पर थे। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर जिला मुख्यालय में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं की मीटिंग में शामिल हुए। तभी इस बीच कुछ कार्यकर्ता उनके सामने जय जयकार और नारे लगाते हुए माल्यार्पण करने लगे। इसके बाद सिंधिया ने वहां नेता और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सब लोग अपने-अपने क्षेत्र में लगे यहां माल्यार्पण में न लगे। मुझे काम चाहिए, मुंह दिखाई नहीं।
माल्यार्पण और जयकारों के कारण विपक्ष के निशाने पर
2019 के लोकसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के टिकट पर गुना लोकसभा से चुनाव लड़े थे और चुनाव हार गए थे। लेकिन इस बार वह बीजेपी के प्रत्याशी के रूप में गुना लोकसभा से चुनाव मैदान में है। ऐसे में हर चुनाव में विपक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ जयकारों और माला को लेकर उन्हें टारगेट करती रही है। इसीलिए ज्योतिरादित्य सिंधिया इस बार कार्यकर्ताओं से स्पष्ट इन सब चीजों की मना करते नजर आए हैं और चुनाव में जुटने की अपील की है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने साधा निशाना
जहां जयकारों और माल्यार्पण को लेकर विपक्ष सिंधिया पर निशाना साधते हैं। वहीं, गुना से कांग्रेस प्रत्याशी और सिंधिया के खिलाफ मैदान में उतरे नेता यादवेंद्र सिंह यादव ने सिंधिया पर निशाना साधा। यादव ने कहा कि सिंधिया के अहंकार को जो चोट पहुंची थी उसका बदला लेने के लिए आए है। उन्होंने आगे कहा कि पहले राजा मां के पेट से पैदा होता था, लेकिन लोकतंत्र में राजा मतदान की पेटी से पैदा होता है।