AAP से गठबंधन के चलते दिल्ली में बिखरी कांग्रेस, अरविंदर सिंह लवली ने छोड़ा अध्यक्ष पद

नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग से ठीक पहले दिल्ली में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अरविंदर पूर्व सीएम शीला दीक्षित के करीबी के तौर पर जाने जाते हैं। लवली पिछले काफी वक्त से पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं, जिसकी वजह दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन माना जा रहा था और उन्होंने अपने इस्तीफे में भी अब यही लिख दिया है।

जानकारी के मुताबिक पिछले काफी दिनों से अरविंदर सिंह लवली प्रदेश कार्यालय भी नहीं आ रहे थे, वह चाहते थे कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान को टिकट मिले लेकिन ऐसा न होने पर वे नाराज बताए जा रहे थे। वहीं अब अपने इस्तीफे में लवली ने पार्टी से नाराजगी की अहम वजह आम आदमी पार्टी से गठबंधन भी बताया है।

अरविंदर सिंह लवली ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे अपने इस्तीफे में लिखा कि दिल्ली कांग्रेस उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के एकमात्र आधार पर बनी थी। इसके बावजूद, पार्टी ने दिल्ली में AAP के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।

हाल ही में एक पूर्व मंत्री दे चुके हैं इस्तीफा
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली की 15 साल की शीला दीक्षित की सरकार में मंत्री रहे दिग्गज नेता राजकुमार चौहान ने भी अपना इस्तीफा दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया के खराब व्यवहार को बताया था और चौहान के पीछे लवली ने अध्य पद से इस्तीफा देकर वोटिंग से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है।

कन्हैया कुमार को लेकर जताई नााजगी
अपने इस्तीफे में अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार (कन्हैया कुमार) पार्टी लाइन और मान्यताओं का खंडन करते हुए दिल्ली के सीएम की झूठी प्रशंसा कर रहे हैं और मीडिया में बयान दे रहे हैं। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों की पीड़ा को न देखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली क्षेत्र में किए गए कथित कार्यों को लेकर आप के झूठे प्रचार का समर्थन किया। लवली ने स्पष्ट तौर पर कन्हैया कुमार के चुनाव प्रचार की आलोचना की है।अरविंदर सिंह लवली ने पार्टी आलाकमान के सामने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस ने बाहरियों को टिकट दिया है। इसे सीधे तौर पर कन्हैया कुमार से जोड़कर देखा जा रहा है।

About bheldn

Check Also

‘मुझे दोबारा जेल नहीं जाना पड़ेगा, अगर…’, मोतीनगर के रोड शो में केजरीवाल ने की अपील

नई दिल्ली, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली संसदीय सीट के मोती नगर …