राहुल गांधी की तबीयत खराब… दिल्ली में प्रियंका संभालेंगी प्रचार की कमान? कांग्रेस ने बदली रणनीति

नई दिल्ली

दिल्ली में चुनाव की तारीख करीब आ रही है। इस बीच कांग्रेस चुनाव प्रचार में आम आदमी पार्टी और बीजेपी के मुकाबले कुछ कमजोर दिख रही है। इसकी वजह है कि कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार प्रचार नहीं कर पा रहे हैं। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की तबीयत खराब हो गई है। ऐसे में पार्टी की तरफ से अब प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार के मैदान में उतरने जा रही हैं। ऐसे में राहुल की अनुपस्थिति में पार्टी को प्रियंका गांधी में ही उम्मीद दिख रही है।

26 जनवरी से तूफानी अभियान
कांग्रेस की तरफ से अब प्रियंका गांधी को दिल्ली चुनाव में प्रचार की कमान सौंपी जाएगी। पार्टी ने राहुल गांधी की अनुपस्थिति को देखते हुए यह रणनीतिक बदलाव किया है। सेहत ठीक नहीं होने की वजह से राहुल गांधी की सक्रियता पिछले कुछ दिन में कम हो गई है। ऐसे में कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा 26 जनवरी से दिल्ली में एक तूफानी अभियान की शुरुआत कर सकती हैं।

उम्मीदवार कर रहे प्रचार की मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली में कांग्रेस के कैंपेन मैनेजमेंट से जुड़े एक वरिष्ठ नेता ने इसकी पुष्टि की। कांग्रेस नेता ने बताया कि प्रियंका गांधी रविवार शाम को उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपनी पहली रैली को संबोधित करेंगी। इसके जरिये ही दिल्ली विधानसभा चुनावों में उनकी भागीदारी की शुरुआत होगी। डीपीसीसी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि सभी कांग्रेस उम्मीदवारों ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) को अनुरोध भेजा है कि प्रियंका उनकी सीट पर प्रचार करें। हालांकि, प्रियंका गांधी महत्वपूर्ण सीटों पर ही प्रचार करेंगी।

मादीपुर रैली में शामिल होंगे राहुल?
हालांकि, दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने राहुल की भागीदारी को लेकर आशा व्यक्त की। यादव ने कहा कि राहुल गांधी की मादीपुर में रैली अभी भी तय है। वह वहां एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। गुरुवार को राहुल गांधी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद में अपनी रैली रद्द कर दी थी। इसके बाद से चुनाव प्रचार में उनकी उपलब्धता को लेकर संशय बरकरार है। राहुल गांधी हाल ही में अस्वस्थ होने के कारण कुछ कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाए थे। इनमें दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में उनका प्रस्तावित कार्यक्रम भी शामिल था।

5 फरवरी को होगी वोटिंग
इससे पहले सांसद राहुल गांधी बुधवार को सदर बाजार निर्वाचन क्षेत्र के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर एक रैली को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब सेहत के कारण रैली में शामिल नहीं हो पाए। आपको बता दें कि राहुल गांधी की पहली रैली 13 जनवरी को सीलमपुर में हुई थी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के बाद प्रियंका गांधी समेत सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता सक्रिय रूप से प्रचार करेंगे। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा।

About bheldn

Check Also

PM मोदी के बगल में चिराग, फोटो फ्रेम से आउट मांझी! कुछ दिन पहले बिहार की रैली में औकात दिखाने की कही थी बात

पटना बिहार के सियासी गलियारे में दिल्ली से आई एक फोटो शूट से हलचल मच …