चंडीगढ़
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने तेवर कायम हैं। उन्होंने कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया है। नोटिस का जवाब देने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्होंने इसमें लिखा है कि पार्टी को अगर कुछ और जवाब चाहिए हों तो वो देने को भी तैयार हैं। बता दें कि पार्टी हाईकमान की तरफ से सीएम नाय सिंह सैनी और अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर निशाना साधने पर उन्हें नोटिस दिया गया था।
अनिल विज ने कहा कि वह तीन दिन से बेंगलुरु गए हुए थे। उन्हें मीडिया के माध्यम से इस नोटिस के बारे में पता चला था। उन्होंने कहा कि कल शाम ही मैं वापस लौटा। उन्होंने कहा कि मैं घर पहुंचने के बाद ठंडे पानी से नहाया, फिर खाना खाया और रात को अपना जवाब हाईकमान को भेज दिया। हालांकि उन्होंने ये नहीं बाताया कि उन्होंने इसमें क्या लिखा है।
विज ने पहले कही थी ये बात
इसस पहले हवाई अड्डे के बाहर यहां पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से बेंगलुरु में थे और घर पहुंचने के बाद अपना जवाब तैयार करेंगे। उन्होंने कहा था कि मैं घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, खाना खाऊंगा और अपना जवाब लिखने बैठूंगा, जिसे मैं आलाकमान को भेजूंगा।
अनिल विज को दिए नोटिस में क्या
प्रदेश भाजपा प्रमुख बड़ौली ने विज को जारी नोटिस में कहा था कि आपको सूचित किया जाता है कि आपने हाल में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के खिलाफ सार्वजनिक बयान दिए हैं। ये गंभीर आरोप हैं और पार्टी की नीति और आंतरिक अनुशासन के खिलाफ हैं। इसमें कहा गया था हम आपसे तीन दिन के भीतर इस विषय पर लिखित स्पष्टीकरण देने की अपेक्षा करते हैं।