सीहोर
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में शामिल एक वाहन का एक्सीडेंट हो गया है। इस हादसे में पुलिस के 3 जवान घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना जिले के ग्राम बेदा खेड़ी के पास हुई है। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से देवास जिले के खातेगांव संदलपुर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को गुजरात हादसे में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा रहे थे, तभी सीहोर जिले के ग्राम बेदा खेड़ी के पास उनके काफिले में शामिल वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हादसे में तीन पुलिस कर्मीघायल हो गए है। इनका सिविल अस्पताल आष्टा में उपचार के बाद, इन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल हुए पुलिसकर्मियों के नाम ASI एसपी सिमोलिया, नीरज शुक्ला और आकाश अटल हैं।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई गाड़ी
बताया जा रहा है कि जो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है उसमें पांच पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनमें तीन घायल हो गए हैं। सूचना के अनुसार अचानक मोड़ पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे शिवराज
बता दें कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने संसदीय क्षेत्र के खातेगांव पहुँचे। जहां उन्होंने पहले ठेकेदार पंकज सांकलिया के परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। इसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान संदलपुर पहुँचे। जहाँ उन्होंने दो परिवारों के मृत 9 लोगों परिजनों का हाल जाना और हादसे में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।