जयपुर:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2008 से आईपीएल में खेल रही है। अभी तक टीम एक भी आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है। टीम में क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स, फाफ डु प्लेसिस और जैक कैलिस जैसे धुरंधर विदेशी बल्लेबाज रहे हैं। लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो विराट कोहली और राहुल द्रविड़ के अलावा कोई याद नहीं आता। द्रविड़ भी टी20 में प्रभावित बल्लेबाज नहीं थे।
अब जाकर मिला दूसरा एक हजारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल में विराट कोहली के 1000 रन 2011 में पूरे हुए थे। उनके अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज आरसीबी के लिए आईपीएल में एक हजार रन नहीं बना पाया था। आखिरकार अब विराट कोहली की लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है। युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए एक हजार रन हो गए हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम पर यह उपलब्धि हासिल की।
पडिक्कल का आरसीबी के लिए रिकॉर्ड
बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने 2020 में आरसीबी के लिए डेब्यू किया था। वह 2022 तक टीम का हिस्सा थे। उसके बाद वह राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेले। इस सीजन की नीलामी में आरसीबी ने उन्हें 2 करोड़ में खरीदा। 35 मैचों में आरसीबी के लिए पडिक्कल के नाम 1003 रन हो गए हैं। उन्होंने ये रन 30.39 की औसत और 127 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 6 फिफ्टी भी ठोकी है।
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन:
बल्लेबाज | मैच | रन | हाईस्ट स्कोर |
विराट कोहली | 258 | 8252 | 113* |
एबी डिविलियर्स | 156 | 4491 | 133* |
क्रिस गेल | 85 | 3163 | 175* |
फाफ डु प्लेसिस | 45 | 1636 | 96 |
ग्लेन मैक्सवेल | 52 | 1266 | 78 |
जैक कैलिस | 42 | 1132 | 89* |
देवदत्त पडिक्कल | 35 | 1003 | 101* |
रजत पाटीदार | 33 | 985 | 112* |
दिनेश कार्तिक | 60 | 937 | 83 |
राहुल द्रविड़ | 43 | 898 | 75* |
रजत पाटीदार भी करीब पहुंच चुके
राहुल द्रविड़ के आरसीबी के लिए ओवरऑल 1132 रन हैं। लेकिन इसमें चैंपियंस लीग के भी रन शामिल हैं। आईपीएल में उनके नाम आरसीबी के लिए 898 रन हैं। दिनेश कार्तिक के बल्ले से 937 रन निकले हैं। आरसीबी के वर्तमान कप्तान रजत पाटीदार भी जल्द ही टीम के लिए आईपीएल में 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। उनके नाम अभी तक 33 मैच की 29 पारियों में 985 रन दर्ज हैं।