एक चिंगारी से आग का गोला बनी 400 यात्रियों से भरी नाव, अब तक 148 की मौत, इस देश में कोहराम

किंशासा

कांगो में इस सप्ताह के शुरुआत में हुई नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 50 से बढ़कर 148 हो गई है तथा 100 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी कांगो में आग लगने के बाद नाव पलट गई, जिससे कम से कम 148 लोग मारे गए और सैकड़ों लापता हो गए।

कई लोगों की हालत गंभीर
कांगो नदी में हुए हादसे के बाद दर्जनों लोगों को बचा लिया गया हालांकि इनमें से कई बुरी तरह जल गए। रेड क्रॉस और प्रांतीय अधिकारियों की मदद से बचाव दलों ने बुधवार को लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी। पानी का स्तर ज्यादा होने से राहत और बचाव कार्य में समस्या हो रही है।

नाव पर सवार थे 400 से अधिक यात्री
नदी आयुक्त कॉम्पेटेंट लोयोको ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि मोटर चालित लकड़ी की नाव में मबंडाका शहर के पास आग लग गई। इसमें लगभग 400 यात्री सवार थे। ‘एचबी कोंगोलो’ नामक नाव मटनकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी।

नाव में कैसे लगी आग?
बताया जा रहा है कि नाव पर आग खाना बनाते समय लगी। उसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने पूरे नाव को अपने कब्जे में ले लिया। यह आग नाव चलाने के लिए रखे गए पेट्रोल के कंटेनरों तक पहुंच गई जो, तेज धमाकों के साथ फट गए। इससे नाव पर सवार लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला।

हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़े 👉👉

Join Now