हैदराबाद
आईपीएल की 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस कई सीजन बार ऐसा खेल दिखा रही है, जिसके लिए वह जानी जाती है। शुरुआत दो मैच हारने के बाद पॉइंट टेबल में अंतिम नंबर पर चल रही मुंबई की टीम अब तीसरे नंबर पर आ गई है। सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर मुंबई ने आईपीएल 2025 में अपनी 5वीं और लगातार चौथी जीत हासिल की। टीम को 7 विकेट से जीत मिली। राजीव गांधी स्टेडियम पर आसान विकेट पर हैदराबाद की टीम 8 विकेट पर 143 रन ही बना पाई। मुंबई ने तीन विकेट खोकर मुकाबला 16वें ओवर में ही जीत लिया। हैदराबाद की यह 8 मैच में छठी हार है।
क्लासेन और मनोहर ने संभाला
हेनरिक क्लासेन के 44 गेंद में 71 और अभिनव मनोहर के 43 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद को इस स्कोर तक पहुंचाया। टीम की शुरुआत बहुत खराब रही और पावरप्ले में ही 4 विकेट गिर गए थे। इसके बाद क्लासेन ने पारी को संभाला। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाये। उन्होंने इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट अभिनव के साथ 99 रन की साझेदारी की। अभिनव ने 37 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 43 रन बनाये। ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 जबकि दीपक चाहर ने 4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट लिए।
35 पर गिर गए थे 5 विकेट
सनराइजर्स के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया। ईशान किशन (एक) ने मैदान से जाने का फैसला किया जबकि गेंद उनके बल्ले को छूकर विकेटकीपर के हाथ में नहीं गई थी। दीपक चाहर की गेंद लेग साइड के बाहर से जा रही थी जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया लेकिन किशन को वापस जाते देख उन्होंने ऊंगली उठा दी। ट्रेविस हेड (0) ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर थर्ड मैन में नमन धीर को कैच थमाया। अभिषेक शर्मा (आठ) ने छक्के के साथ शुरुआत की लेकिन बोल्ट की गेंद पर विग्नेश पुथुर को कैच दे बैठे। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी ने चाहर की गेंद पर मिडआन में मिचेल सेंटनेर को कैच थमाया।
नौ ओवर के भीतर पांच विकेट 35 रन पर गिरने के बाद क्लासेन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पुथुर को दसवें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद पंड्या को तीन चौके लगाये। दूसरे छोर से क्लासेन को सहयोग नहीं मिला। अभिनव ने बड़ा शॉट खेलने से पहले सात गेंदें खराब की। क्लासेन को जसप्रीत बुमराह ने तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया जबकि अभिनव को बोल्ट ने पवेलियन भेजा। बुमराह का यह 300वां टी20 विकेट था।