मैड्रिड:
पनडुब्बियों का मुख्य हथियार टारपीडो और मिसाइलें होती हैं। हमने अभी तक पनडुब्बियों से मिसाइलों की लॉन्चिंग के कई वीडियो देखे हैं, लेकिन टारपीडो फायरिंग के बहुत कम वीडियो सामने आते हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि टारपीडो को हमेशा समुद्र की गहराइयों में फायर किया जाता है, जिससे उनको लक्ष्य की ओर जाते हुए देखना मुश्किल हो जाता है। लेकिन, स्पैनिश नौसेना ने इस कमी को पूरा कर दिया है। स्पैनिश नौसेना ने हाल में ही एक टारपीडो फायरिंग का स्पष्ट वीडियो जारी किया है, जिसमें टारपीडो को आसानी से देखा जा सकता है।
इसाक पेरल से फायर किया गया टारपीडो
स्पैनिश नौसेना ने इस टारपीडो को अपनी डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बी इसाक पेरल से फायर किया था। यह एक निष्क्रिय टारपीडो था, जिसमें कोई वारहेड लगा हुआ नहीं था। निष्क्रिय टारपीडो का प्रक्षेपण जनवरी में हुआ था, हालांकि स्पेनिश नौसेना के कैप्चर किए गए फुटेज को हाल ही में ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) अकाउंट एस्पाडा और एस्कुडो ने सार्वजनिक किया है। यह परीक्षण स्पेन के भूमध्यसागरीय तट पर कार्टाजेना शहर में स्थित कार्टाजेना नौसेना बेस पर आयोजित किया गया था। आइजैक पेरल क्लास उस स्पेनिश नौसैनिक अधिकारी और इंजीनियर के नाम पर रखा गया है, जिसने उन्नीसवीं शताब्दी में पहली पूर्ण-इलेक्ट्रिक पनडुब्बी डिजाइन की थी।
"Isaac Peral" (S-81), primeiro submarino da classe S-80 "Plus" da Marinha de Espanha, ao serviço desde 30Nov2023, procedeu testes de lançamento de torpedos (modelos-maquetes inertes para ensaio) no interior da Base Cartagena, Espanha, Jan2024. Mais info https://t.co/LfSqIN88Rt pic.twitter.com/Wd6g6e1pBE
— Espada & Escudo (@EE_EspadaEscudo) February 5, 2024
ड्रोन से शूट किया गया टारपीडो का वीडियो
वीडियो फुटेज में कई नौसैनिकों को पनडुब्बी के ऊपर टारपीडो को लॉन्च करने की तैयारी करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को संभवत एक ड्रोन के जरिए शूट किया गया था। टारपीडो को चमकीले रंग से रंगा गया था, ताकि वह आसानी से दिख सके और उसके प्रक्षेपण पथ का आसानी से आकलन किया जा सके। इसके अलावा चटकीले रंग का होने के काऱण पनडुब्बी से लॉन्च किए गए टारपीडो को खोजना भी आसान होता है। इस टारपीडो को बंदरगाह के नजदीक स्टारबोर्ड टारपीडो ट्यूब से दागा गया था।
क्यों किया गया टारपीडो का टेस्ट
दुनिया के कई देश निष्क्रिय टारपीडो फायरिंग करते रहते हैं, ताकि उनके गुण और दोषों का आसानी से पता लगाया जा सके। इस परीक्षण को पनडुब्बी के परिचालन परीक्षण के दौरान टेस्ट किया गया था। आईजैक पेरल नाम की यह पनडुब्बी पहले से ही समुद्र की गहराइयों में डूबने संबंधित परीक्षण को पास कर चुकी है। नौसैनिक मामलों के विश्लेषक माटस स्मटनी ने कहा कि हम पनडुब्बी के लिए एक प्रमुख टेस्ट को देख रहे हैं। आइजैक पेरल क्लास में 533 मिमी टारपीडो ट्यूब लगे हुए हैं। यह जर्मन निर्मित एटलस इलेक्ट्रोनिक डीएम2ए4 सीहेक मॉड 4 बहुउद्देश्यीय हेवीवेट वायर-गाइडेड टॉरपीडो को फायर कर सकती है।
