28.9 C
London
Thursday, May 28, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयजब तेल पर भारत को 'ज्ञान' दे रही थीं लिज ट्रस और...

जब तेल पर भारत को ‘ज्ञान’ दे रही थीं लिज ट्रस और जयशंकर ने कर दी थी बोलती बंद

Published on

नई दिल्ली

रूस पर प्रतिबंधों की बात करना एक अभियान जैसा लगता है… भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यह बात तत्कालीन ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस के सामने कही थी। वही लिज ट्रस अब ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं। वो मार्च-अप्रैल में भारत दौरे पर आई थीं। रूस के यूक्रेन पर हमले से दुनिया में उथल-पुथल मची थी और अलग-अलग देशों में प्रभावी पदों पर तैनात नेता भारत दौरे पर आ रहे थे। वह वही दौर था जब अमेरिका और पश्चिमी देश भारत से अपेक्षा कर रहे थे कि वह रूस के खिलाफ कार्रवाई में उनका साथ दे, लेकिन भारत अपनी संप्रभु नीति पर आगे बढ़ता रहा। इसी माहौल में लिज ट्रस 31 मार्च, 2022 को भारत आईं। वो तब ब्रिटेन की विदेश मंत्री थीं। उन्होंने भी विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत में रूस से तेल खरीदने का मुद्दा छेड़ दिया। बस क्या था, जयशंकर अपने लय में आ गए। उन्होंने आव देखा ना ताव और दो टूक लहजे में कह दिया कि ऐसे अभियान से भारत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जिस तरह अन्य देश अपने-अपने हितों को तवज्जो देते हैं, उसी तरह भारत भी रूस के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों के आईने में ही कोई फैसला करेगा।

जब जयशंकर ने ट्रस को कर दिया हक्का-बक्का
दरअसल, लिज ट्रस चाहती थीं कि भारत, रूस पर प्रतिबंधों को असरदार बनाने में पश्चिमी देशों की मदद करे। इस पर जयशंकर ने खुलकर कहा, ‘रूस पर प्रतिबंध की बात करना एक अभियान जैसा लगता है जबकि यूरोप, रूस के युद्ध के पहले की तुलना में ज्यादा तेल खरीद रहा है।’ निश्चित रूप से ट्रस ने जयशंकर से इस लहजे में जवाब मिलने की उम्मीद नहीं की होंगी। लेकिन जयशंकर के स्पष्ट अंदाज से ट्रस तुरंत बैकफुट पर आ गईं और कहने लगीं कि भारत संप्रभु देश है और उसे क्या करना चाहिए, वो नहीं बताएंगी। हालांकि, सच्चाई यही है कि वो बताने की मुद्रा में ही बोल रही थीं कि भारत, रूस से तेल नहीं खरीदे जबकि ब्रिटेन समेत तमाम यूरोपीय देश रूसी तेल की खरीद बढ़ाते रहें। जयशंकर ने जब इस दोहरे चरित्र को बेधड़क बेनकाब कर दिया तो ट्रस के पास कोई चारा नहीं बचा। दोनों विदेश मंत्रियों की ये बातचीत इंडिया-यूके स्ट्रैटिजिक फ्यूचर्स फोरम में हो रही थी। इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स एंड पॉलिसी एक्सचेंज ने इसका आयोजन किया था।

जयशंकर के जवाब से बैकफुट पर आ गई थीं लिज ट्रस
इस बातचीत में श्रोताओं ने भी सवाल पूछे। ट्रस से पूछा गया कि रूस से तेल खरीदने पर भारत को वो क्या कहना चाहती हैं तो उन्होंने कहा, ‘मैंने प्रतिबंधों पर यूके का रुख बता दिया। हम इस साल के अंत तक तेल के लिए रूस पर अपनी निर्भरता खत्म कर देंगे। जहां तक बात भारत की है तो वह एक संप्रभु देश है। मैं भारत को नहीं बताऊंगी कि उसे क्या करना चाहिए। मैंने जो कहा वो यूके सरकार के एक मंत्री के तौर पर कहा। यूके ने बुडापेस्ट समझौते पर दस्तखत किया है। मुझे लगता है कि यूके को यूक्रेन के लोगों का हरसंभव समर्थन करना चाहिए। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं बाकी देशों को भी बताऊं कि वो क्या करें।’

जयशंकर ने आंकड़ों से बंद की थी बोलती
फिर जब जयशंकर के बोलने की बारी आई तो उन्होंने पश्चिमी देशों की तो बखिया ही उधेड़ दी। उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि भारत के तेल आयात में 7.5 से 8 प्रतिशत अमेरिका का हिस्सा है जबकि रूस से तो एक प्रतिशत से भी कम तेल आता है। अब अगर यूरोप पर नजर डालें तो यूरोप ने रूस से फरवरी के मुकाबले मार्च में 15 प्रतिशत ज्यादा तेल खरीदा है जब यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ। उन्होंने कहा, ‘अगर रूस के तेल और गैस के प्रमुख खरीददारों पर गौर करने परआप पाएंगे कि ज्यादातर खरीदार यूरोप में हैं जबकि भारत अपनी ऊर्जा का ज्यादातर हिस्सा मध्य पूर्व से खरीदता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘तेल महंगा होता है तो हर देश चाहता है कि उसे कहीं से सस्ता तेल मिल जाए। यकीन के साथ कह सकता हूं कि दो-तीन महीने इंतजार करके देखें कि रूसी तेल और गैस के बड़े खरीददार कौन हैं तो मुझे संदेह है कि लिस्ट वैसी नहीं होगी, जैसी पहले हुआ करती थी। मुझे यह भी संदेह है कि हम उस लिस्ट में टॉप 10 में भी होंगे।’

अफगानिस्तान का हवाला देकर किया प्रहार
जयशंकर ने अफगानिस्तान का हवाला देकर भी अमेरिका-यूरोप के स्वार्थी रवैये की पोल खोली। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अफगानिस्तान से अपनी सेना हटा ली। क्या उसने ऐसा करते हुए सोचा कि भारत पर क्या असर होगा? भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि अफगानिस्तान पर तालिबान राज कायम होने से भारत जितना प्रभावित होगा, उतना यूरोप पर असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आप किस परिस्थिति में किस तरह का फैसला लेते हैं, यह कई बातों पर निर्भर करता है- मसलन अफगानिस्तान या यूक्रेन से आप कितने नजदीक हैं। आपके इनसे रिश्ते कैसे हैं, आपकी इन पर किस तरह की, कितनी निर्भरता है आदि। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान के आने से यूरोप को क्या फर्क पड़ेगा, लेकिन भारत को बहुत कुछ झेलना पड़ सकता है। जयशंकर ने कहा कि किसी एक घटना पर पूरी दुनिया से समान प्रतिक्रिया कभी नहीं आई और न आएगी।

भारत-ब्रिटेन रिश्ते की मजबूती की पक्षधर हैं ट्रस
ध्यान रहे कि लिज ट्रस ने चुनाव जीतने के बाद भारत-ब्रिटेन संबंधों को और प्रगाढ़ करने पर बल दिया है। वो ब्रिटेन के उन वरिष्ठ राजनेताओं में शामिल हैं, जिन्हें भारत-ब्रिटेन के रणनीतिक तथा आर्थिक संबंधों को मजबूती प्रदान करने के लिए जाना जाता है। ट्रस ने ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री रहने के दौरान मई 2021 में बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली सरकार के लिए वृहद व्यापार साझेदारी (ETP) पर मुहर लगवाई। यही ईटीपी अब मुक्त व्यापार समझौता (FTA) के लिए चल रही बातचीत का शुरुआती आधार बनी है। 47 वर्षीय ट्रस ने भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ डिजिटल वार्ता भी कर चुकी हैं, जिस दौरान उन्होंने देश को ‘बड़ा, प्रमुख अवसर’ करार दिया था।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अगर आप ये देख रहे हैं कि रूस से भारत कितना तेल खरीद रहा है तो मैं सुझाव देना चाहूंगा कि आपका ध्यान यूरोप की ओर जाना चाहिए। हम रूस से सिर्फ अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ऊर्जा की चीजें खरीदते हैं। लेकिन मुझे उन आंकड़ों को देखकर थोड़ा संदेह होता है, जो दिखाते हैं कि रूस से जितनी ऊर्जा भारत एक महीने में खरीदता है, उतनी तो यूरोप सिर्फ एक दोपहर में ही खरीद लेता है। वह बोले कि हम भी विवाद के खिलाफ हैं और हिंसा को रोकने की हर कोशिश कर रहे हैं और हर मदद के लिए तैयार हैं।


crude-oil
आगे बढ़ने से पहले यह जानना जरूरी है कि रूस और अमेरिका से भारत जो ऊर्जा खरीदता है, वह आंकड़ा कितना बड़ा है। अभी भारत अपनी जरूरत का एक से दो फीसदी तेल रूस से खरीदता है, जबकि 10 फीसदी तेल अमेरिका से आयात करता है। बाइडन ने कहा है कि रूस से अपने तेल आयात में तेजी लाना या इसे बढ़ाना भारत के हित में नहीं है। अमेरिका ऐसा इसलिए भी कह रहा है क्योंकि इससे अमेरिका का निर्यात घटेगा, क्योंकि भारत काफी हद तक तेल रूस से खरीद लेगा।

crude-oil
भारत के रूस से तेल खरीदे जाने के फैसले की अमेरिका की तरफ से खूब आलोचना हो रही है। ऐसे में एस जयशंकर पहले भी कह चुके हैं कि भारत के खिलाफ एक कैंपेन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी की तुलना में मार्च में यूरोप ने रूस से तेल और गैस का आयात करीब 15 फीसदी अधिक किया है। इसी आंकड़े को ध्यान में रखते हुए एस जयशंकर ने अमेरिका के सामने अपनी बात कही है।

crude-oil
करीब हफ्ते भर पहले ही रूस के सुरक्षा काउंसिल के डिप्टी सेक्रेटरी मिखाइल पोपोव ने दावा किया था कि युद्ध के दौरान भी अमेरिका ने रूस से खूब तेल खरीदा है। पोपोव के इस दावे से अमेरिका समेत तमाम देश हैरान हैं। दावे में कहा है कि अमेरिका ने हाल ही में रूस से हर रोज करीब 43 फीसदी अधिक कच्चा तेल यानी करीब 1 लाख बैरल तेल रोज खरीदा है। तमाम यूरोपीय देशों से भी ऐसी ही खबरें आ रही हैं। अमेरिका एक बड़ा तेल निर्यातक देश भी है, जिससे उसकी तगड़ी कमाई होती है। यानी एक तरफ अमेरिका हमें कह रहा है कि रूस से कम तेल खरीदो और खुद जमकर खरीदारी कर रहा है।

कारोबार जगत के 20 से अधिक सेक्टर से जुड़े बेहतरीन आर्टिकल और उद्योग से जुड़ी गहन जानकारी के लिए आप इकनॉमिक टाइम्स की स्टोरीज पढ़ सकते हैं। इकनॉमिक टाइम्स की ज्ञानवर्धक जानकारी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते की रखी नींव
ईटीपी पर हस्ताक्षर के बाद ट्रस ने कहा था, ‘मैं बनते व्यापार परिदृश्य में ब्रिटेन और भारत को एक बेहतरीन स्थिति में देख रही हूं।’ उन्होंने कहा, ‘हम एक व्यापक व्यापार समझौते पर विचार कर रहे हैं जिसमें वित्तीय सेवाओं से लेकर कानूनी सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल और डेटा समेत वस्तुएं और कृषि तक सब कुछ शामिल हैं। हमें लगता है कि हमारे शीघ्र एक समझौता करने की प्रबल संभावना है, जहां हम दोनों ओर शुल्क घटा सकते हैं और दोनों देशों के बीच अधिक वस्तुओं का आयात-निर्यात होते देख सकते हैं।’ ट्रस साउथ वेस्ट नोरफोल्क से सांसद हैं। ऑक्सफोर्ड में जन्मीं ट्रस के पिता प्रोफेसर और मां नर्स-शिक्षिका थीं। ट्रस स्कॉटलैंड, लीड्स और लंदन समेत ब्रिटेन के अलग-अलग हिस्सों में रही हैं। ट्रस ने अकाउंटेंट हग ओ लीअरी से विवाह किया और उनकी दो बेटियां हैं।

Latest articles

मशहूर शायर बशीर बद्र नहीं रहे, 91 की उम्र में भोपाल में निधन

भोपाल। शायरी की दुनिया ने गुरुवार को अपना एक और सितारा खो दिया। अजीम...

BJP संगठन में बड़ा फेरबदल: हरियाणा समेत 4 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदले गए

नई दिल्ली। गुरुवार 28 मई को BJP ने चार राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्षों...

सीएम सिद्धारमैया ने राज्यपाल के सचिव को इस्तीफा सौंपा, कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल

बंगलूरू। कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस सरकार में बड़ा बदलाव हो गया है। सीएम सिद्धारमैया...

भीषण गर्मी में सतर्कता और संवेदनशीलता बरतें, मूक पशु-पक्षियों का भी बनें सहारा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पारा चढ़ने के साथ ही भीषण...

More like this

नीदरलैंड ने लौटाई विरासत, PM मोदी को सौंपीं चोल राजा की 1 हजार साल पुरानी निशानियां, जानें क्या है इनकी खासियत?

एम्सटर्डम। पीएम मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति और सभ्यता के लिए...

सीजफायर तोड़ अमेरिका ने ईरान पर फिर बमबारी की, होर्मुज में 1500 जहाज फंसे

ट्रम्प बोले- डील नहीं की तो और हमले करेंगे तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी सेना ने ईरान...