नई दिल्ली:
आग की भट्ठी जैसी गर्मी का दौर एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में शुरू हो गया है। भीषण गर्मी और ‘लू’ ने लोगों का तेल निकालकर रख दिया है। दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। आज अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया है और 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। नरेला सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 46.6°C दर्ज किया गया है। दिल्ली-एनसीआर समते पूरे उत्तर भारत में गर्मी से राहत के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे हफ्ते दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है।
एक महीने से गर्मी का कहर
पिछले करीब एक महीने से दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान सोमवार को लगातार दूसरे दिन बढ़ा, जबकि कुछ इलाकों में लू का प्रकोप रहा। दिल्ली का बेस स्टेशन सफदरजंग ने 43.4 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान दर्ज किया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है, जो रविवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 41.1 डिग्री सेल्सियस था।
भीषण गर्मी से झुलसा दिल्ली-एनसीआर
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को सफदरजंग में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली का सबसे गर्म इलाका नरेला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, उसके बाद नजफगढ़ (46.3 डिग्री सेल्सियस) रहा, दोनों सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक थे।
गर्मी तोड़ रही सारे रेकॉर्ड
दिल्ली में आमतौर पर जुलाई और अगस्त की शुरुआत में तापमान ज्यादा होता है। लेकिन इस साल दिल्ली में सबसे पहले 17 मई से 20 मई के बीच लू का प्रकोप रहा, लेकिन फिर कुछ दिनों के लिए पूर्वी हवाओं ने राहत पहुंचाई। इसके बाद, 25 मई से 5 जून के बीच 12 दिनों का बहुत तेज लू का दौर चला। इस दौरान 29 मई को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मई में इस स्टेशन के लिए दूसरा सबसे ज्यादा तापमान है। मई 1944 में 29 मई को सबसे ज्यादा 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस सीजन में 28 मई को उत्तरी दिल्ली के नरेला स्टेशन में सबसे ज्यादा तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
