नई दिल्ली
ईडी ने एनएसई को-लोकेशन घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने एनएसई के पूर्व सीईओ और एमडी रवि नारायण को गिरफ्तार कर लिया है। नारायण पर 2009 से 2017 के बीच एनएसई के कर्मचारियों का अवैध तरीके से फोन टैप करने का आरोप है। ईडी ने नारायण, एनएसई की पूर्व प्रमुख चित्रा रामकृष्णऔर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय पांडे के खिलाफ 14 जुलाई को पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था। इससे पहले सीबीआई ने भी इन तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
एक हफ्ते पहले ईडी के स्पेशल वकील एन के मट्टा ने दिल्ली हाई कोर्ट में कहा था कि नारायण और दूसरे आरोपियों ने एनएसई और उसके कर्मचारियों को धोखा देने के लिए साजिश रची। उन्होंने पांडे से जुड़ी कंपनी iSEC Services Pvt Ltd के जरिए एक्सचेंज के कर्मचारियों का अवैध तरीके से फोन टैप किया। एनएसई की साइबर सुरक्षा की आड़ में यह किया गया।
