12 C
London
Saturday, April 18, 2026
Homeराष्ट्रीयनेहरू, इंदिरा, राजीव... आकाशवाणी पर तीनों के निधन की खबर देने वाले...

नेहरू, इंदिरा, राजीव… आकाशवाणी पर तीनों के निधन की खबर देने वाले राजेंद्र अग्रवाल चले गए

Published on

नई दिल्‍ली

आकाशवाणी के गुजरे दौर के प्रख्यात न्यूज रीडर राजेंद्र अग्रवाल नहीं रहे। उनका मंगलवार को निधन हो गया। वह 87 साल के थे। इस तरह से देवकीनंदन पांडे, अशोक वाजपेयी और विनोद कश्यप जैसे लोकप्रिय समाचार वाचकों के युग का अंत हो गया। राजेंद्र अग्रवाल ने 1964 में आकाशवाणी, दिल्ली में न्यूज रीडर के रूप में काम करना शुरू किया था। उन्होंने 1996 तक हजारों बार खबरें पढ़ीं। रामानुज प्रसाद सिंह के बाद वे बिहार से संबंध रखने वाले दूसरे आकाशवाणी दिल्ली में हिन्दी के न्यूज रीडर थे। राजेंद्र अग्रवाल का संबंध बेगूसराय से थे। उन्होंने दशकों तक राजपथ (अब कर्तव्यपथ) से गणतंत्र दिवस परेड का आंखों देखा हाल जसदेव सिंह के साथ भी सुनाया। राजेंद्र अग्रवाल उस दौर में आकाशवाणी के श्रेष्ठ न्यूज रीडर के रूप में स्थापित हुए थे, जब आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले समाचारों को करोड़ों भारतवासी अपने घरों, बाजारों और अन्य स्थानों पर सुना करते थे। आकाशवाणी के समाचार वाचकों को सारा देश ही जानता था और उनकी आवाज को पहचानता था। उस दौर में लोग अपने बच्चों को कहते थे कि वे आकाशवाणी की खबरें सुनें ताकि वे शब्दों का शुद्ध उच्चारण सीख सकें।

कौन से थे राजेंद्र अग्रवाल के यादगार बुलेटिन
राजेंद्र अग्रवाल के पास दिलचस्प किस्सों का खजाना था। यूं तो उन्होंने अनगिनत बार खबरें सुनाई थीं, पर पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की मृत्यु के समाचारों को पढ़ते हुए उनके हाथ कांप रहे थे। वे ऐसा स्वंय बताते थे। इतनी बड़ी शख्सियतों की मृत्यु का सामाचार देश को प्रसारित करना कोई आसान काम तो नहीं था। उन्होंने देश को भारत-चीन युद्ध और भारत पाकिस्तान युद्ध (1965, 1971) के समाचार भी सुनाए थे। राजेंद्र अग्रवाल कहते थे कि उन्होंने देवकीनंदन पांडे से खबरों को पढ़ने का सलीका जाना।

वे बताते थे कि आकाशवाणी के सुबह 8 बजे या फिर रात 9 बजे के 15-15 मिनट के बुलेटिनों करोड़ों लोग सुनकर देश-दुनिया की हलचलों को जान पाते थे। तब समाचारों में शोर और कोलाहल के लिए जगह नहीं होती थी। खबरों को बिना किसी निजी राय या दृष्टिकोण के परोसा जाता था। समाचार जैसे होते थे, वैसे ही प्रस्तुत कर दिए जाते थे। यह वह समय था जब आकाशवाणी और दूरदर्शन पर उच्चारण और प्रस्तुति का बहुत महत्व था।

किससे खबरें पढ़ना सब सीखते थे
देवकीनंदन पांडे आकाशवाणी के समाचार वाचकों की कई पीढ़ियों के आदर्श रहे और अब भी हैं। राजेंद्र अग्रवाल कहते थे कि पांडे जी से सब नुक्ते के प्रयोग से लेकर शब्दों के सही उच्चारण को सीखा करते थे। पांडे जी मौजूदा उत्तराखंड के मूल निवासी थे। उनका उच्चारण अतुलनीय था। आकाशवाणी की लोकप्रिय समाचार वाचिकाओं में विनोद कश्यप भी थीं। 30 वर्षों से अधिक समय तक अपनी आवाज़ से समाचारों को घर-घर पहुंचाने वाली विनोद जी 1992 मे आकाशवाणी से रिटायर हुईं थीं। इस बीच, आकाशवाणी के महान समाचार वाचकों की चर्चा हो और अंग्रेजी भाषा के समाचार वाचक मेलविल डिमेलो का नाम छूट जाए यह तो नहीं हो सकता।

पंडित जवाहरलाल नेहरु ने आकाशवाणी से 30 जनवरी, 1948 को रात 8 बजे देश-दुनिया को रुधे गले से महात्मा गांधी के संसार से चले जाने का समाचार दिया। उसके फौरन बाद 35 साल के एंग्लो इंडियन नौजवान मेलविल डिमेलो ने अंग्रेजी के समाचार बुलेटिन में विस्तार से महात्मा गांधी की हत्या संबंधी खबर सुनाई। उन्होंने ही बापू की महाप्रयाण यात्रा का आंखों देखा हाल सुनाया था।

Latest articles

चाय पीने के तुरंत बाद पानी पीना सेहत के लिए हो सकता है खतरनाक

चाय पीने के तुरंत बाद पानी न पीने की सलाह दी जाती है। इसके...

54 वोट से गिरा महिला आरक्षण से जुड़ा बिल: पास होने के लिए चाहिए थे 352, मिले 298

मोदी सरकार बिल पास कराने में पहली बार नाकाम नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल से...

जशपुर में ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का लोकार्पण, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुजुर्गों संग खेला कैरम

जशपुर। विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे-केयर...

राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिलाई शपथ

जयपुर। भजनलाल शर्मा ने कहा कि शासन सचिवालय राज्य प्रशासन का सबसे बड़ा निकाय...

More like this

54 वोट से गिरा महिला आरक्षण से जुड़ा बिल: पास होने के लिए चाहिए थे 352, मिले 298

मोदी सरकार बिल पास कराने में पहली बार नाकाम नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल से...

गेल (इंडिया) ने उप्र और महाराष्ट्र में लगाएगी 700 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता का सोलर प्लांट

नई दिल्ली। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 700 मेगावाट सौर...

आशा भोसले पंचतत्व में विलीन, अंतिम विदाई देने पहुंचे आमिर-विक्की समेत कई सेलेब

मुंबई। दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार 12 अप्रैल को 92 वर्ष की आयु...