नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर जाने से ट्रैफिक प्रभावित है। दिल्ली की प्रगति मैदान टनल में भी पानी भर गया है, जिसके बाद ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि प्रगति मैदान टनल में जलभराव के कारण ट्रैफिक की आवाजाही अगले आदेश तक प्रतिबंधित है। इसके अलावा मिंटो रोड समेत कई जगहों पर भी ट्रैफिक प्रभावित है।
जलमग्न हुईं दिल्ली की सड़कें
शुक्रवार सुबह राजधानी में भारी बारिश हुई, इसके बाद कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। राजधानी के अलग-अलग स्थानों से आ रहीं तस्वीरों के अनुसार कई इलाको में जल भराव से लंबा जाम लग गया है। इस दौरान ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में जलमग्न सड़कों पर यात्रियों को अपने बच्चों को लेकर घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। कुछ इलाकों में मेट्रो स्टेशनों में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
