NEET UG 2024 परीक्षा को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आज केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से पेपर लीक के विवरण और धोखाधड़ी के लाभार्थियों की पहचान करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में कई सवाल पूछे। यह कहते हुए कि नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक होने की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता, कोर्ट ने कहा कि यह पता लगाना बाकी है कि पेपर लीक की घटना कितनी व्यापक थी ताकि दोबारा परीक्षा का आदेश देने के सवाल पर फैसला किया जा सके।
इस बीच कई नीट उम्मीदवारों के मन में नीट की काउंसलिंग को लेकर भी संशय की स्थिति हो सकती है, कई रिपोर्ट्स में बीते दिनों 6 जुलाई को एनईईटी काउंसलिंग के लिए निर्धारित डेट बताया गया था लेकिन स्पष्ट कर दें कि फिलहाल नीट यूजी काउंसलिंग शुरु होने को लेकर कोई भी तारीख स्पष्ट नहीं है और स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में इस संबंध में जानकारी दी थी।
नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET UG) 2024 के लिए काउंसलिंग को अगली सूचना तक के लिए टाल दिया गया है। NEET UG अखिल भारतीय कोटा (AIQ) सीट काउंसलिंग पर यह अपडेट सुप्रीम कोर्ट की ओर से NEET UG काउंसलिंग में देरी करने से इनकार करने के बाद आया था।
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना था कि नीट यूजी काउंसलिंग को लेकर कोई भी डेट का नोटिफिकेशन फिलहाल जारी ही नहीं किया गया है इसलिए इसके टाले जाने का भी कोई सवाल ही नहीं उठता है और इस संबंध में आ रही कोई भी सूचना गलत है।
बता दें बीते दिनों काउंसलिंग को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था, ‘यह देखा गया है कि कुछ मीडिया समूहों में NEET UG काउंसलिंग स्थगित करने की खबरें चल रही हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि NEET UG काउंसलिंग की तिथि अभी तक अधिसूचित नहीं की गई है, इसलिए इसके स्थगित होने की कोई भी खबर गलत है।’
