नीट 2024 एग्जाम पर ताजा अपडेट आया है। ये खबर लाखों उम्मीदवारों के लिए राहत की हो सकती है और लाखों के लिए दुखद भी। केंद्र सरकार नीट यूजी एग्जाम 2024 कैंसिल करने के खिलाफ है। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया गया है। शुक्रवार, 5 जुलाई को दायर हलफनामे में केंद्र ने कहा- ‘5 मई को हुई परीक्षा में गोपनीयता का उल्लंघन होने के कोई ठोस सबूत नहीं हैं’।
नीट कैंसिल क्यों नहीं करना चाहती है सरकार?
केंद्र ने Supreme Court में एनईईटी 2024 को लेकर दायर एफिडेविट में कहा है कि ‘पूरी परीक्षा रद्द करना उन लाखों ईमानदार उम्मीदवारों के प्रयासों को गंभीर रूप से खतरे में डाल देगा जिन्होंने परीक्षा दी है। जब तक पूरे भारत में हुए NEET Exam 2024 में गोपनीयता के उल्लंघन का कोई प्रमाण नहीं मिलता, तब तक पूरी परीक्षा और घोषित परिणामों को रद्द करना तर्कसंगत नहीं होगा।’
वहीं कंपटीटिव एग्जाम्स को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने को लेकर प्रतिबद्धता दर्शाते हुए हलफनामे में कहा गया है कि ‘भारत सरकार यह मानती है कि क्वेश्चन पेपर्स की गोपनीयता किसी भी परीक्षा में सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। अगर कुछ आपराधिक तत्वों की वजह से गोपनीयता भंग होती है, तो भारत सरकार का मानना है कि ऐसे लोगों से सख्ती और कानून की पूरी ताकत के साथ निपटा जाना चाहिए। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें दंडित किया जाए।’
8 जुलाई को सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में नीट एग्जाम कैंसिल करने की मांग को लेकर ढेरों याचिकाएं लंबित हैं, जिनपर 8 जुलाई को सुनवाई होनी है। हालांकि कुछ याचिकाएं NEET 2024 Cancel ना करने की मांग को लेकर भी लगाई गई हैं।नीट पर अंतिम फैसला क्या होगा, ये तो इस सुनवाई के बाद ही स्पष्ट होगा। बहरहाल, नीट यूजी काउंसलिंग 2024 का शेड्यूल MCC द्वारा शनिवार, 6 जुलाई को जारी किया जा सकता है। जैसा कि पहले भी केंद्र की ओर से सूचना दी गई थी कि MCC NEET Counselling 6 जुलाई से शुरू की जा सकती है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) इस संबंध में ऑफिशियल वेबसाइट mcc.nic.in पर नोटिस जारी करेगी।
