नई दिल्ली
बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को एक रोमांचक फाइनल में हराते हुए भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 पर कब्जा जमाया। इसी के साथ भारत का 11 साल से चला आ रहा आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार भी खत्म हो गया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने ड्रेसिंग रूम में एक प्रेरणादायक स्पीच दी। राहुल द्रविड़ ने अपने खिलाड़ियों और उनकी लड़ाई की भावना की तारीफ की, जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल के दौरान दिखी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने करियर के रिकॉर्ड्स भूल सकते हैं, लेकिन इस तरह के क्षण हमेशा उन्हें याद रहेंगे।
मेरे पास शब्द नहीं
राहुल द्रविड़ ने बीसीसीआई द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘मेरे पास वास्तव में शब्द नहीं हैं, लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मुझे इस यादगार जीत का हिस्सा बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। आप सभी को यह पल याद रहेंगे। यह रन और विकेट के बारे में नहीं है; आप अपने करियर को कभी याद नहीं रखेंगे, लेकिन आप इस तरह के पलों को याद रखेंगे।
𝗧𝗵𝗲 𝘂𝗻𝗳𝗼𝗿𝗴𝗲𝘁𝘁𝗮𝗯𝗹𝗲 𝗙𝗮𝗿𝗲-𝗪𝗔𝗟𝗟! 🫡
The sacrifices, the commitment, the comeback 🏆
📽️ #TeamIndia Head Coach Rahul Dravid's emotional dressing room speech in Barbados 👌👌 #T20WorldCup pic.twitter.com/vVUMfTZWbc
— BCCI (@BCCI) July 2, 2024
गर्व का विषय
राहुल द्रविड़, जो पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो आईसीसी फाइनल हारने के लिए आलोचनाओं के घेरे में थे, उन्होंने अपने कार्यकाल का अंत जीत के साथ किया। द्रविड़ ने कहा, ‘मैं आप लोगों पर इससे अधिक गर्व नहीं कर सकता, जिस तरह से आपने वापसी की, जिस तरह से आपने संघर्ष किया, जिस तरह से हमने एक टीम के रूप में काम किया और धैर्य बनाए रखा…, वह सराहनीय है।’
यह पल आपका है
टीम इंडिया में ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर द्रविड़ ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘यह आपका पल है दोस्तों… याद रखें, यह किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं है, यह एक टीम के बारे में है। हमने इसे एक टीम के रूप में जीता है। हमने पिछले महीने में जो कुछ भी किया, वह सब एक टीम के रूप में किया। यह हम सभी के बारे में है, किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं।’
