डबलिन,
भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड को 33 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत को तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त मिल गई। डबलिन में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने मेजबान को 186 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में मेजबान टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना पाई। जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए। अर्शदीप को एक विकेट मिला। आयरलैंड की ओर से एंड्रयू बालबर्नी ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए। वहीं भारत की ओर से ऋतुराजा गायकवाड़ (58) हाई स्कोरर थे। रिंकू सिंह ने 21 गेंद में 38 रन की विस्फोटक पारी खेली। आयरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त को डबलिन में ही खेला जाएगा. दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 186 रनों का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में आयरलैंड टीम 8 विकेट पर 152 रन ही बना सकी और मैच 33 रनों से मैच गंवा दिया. आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की यह तीसरी टी20 सीरीज है. तीनों में टीम इंडिया को ही जीत मिली है. खास बात यह भी है कि भारतीय टीम ने यह तीनों ही सीरीज आयरलैंड के घर में ही खेली हैं.
ऋतुराज और संजू ने खेली दमदार पारी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 185 रन बनाए थे. ऐसे में मैच जीतने के लिए आयरलैंड के सामने 186 रनों का टारगेट था. मैच में भारतीय टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने 43 गेंदों पर सबसे ज्यादा 58 रनों की पारी खेली. संजू सैमसन ने 26 गेंदों पर 40 रन बनाए. जबकि रिंकू सिंह ने 38 और शिवम दुबे ने नाबाद 22 रन बनाए.
जबकि आयरलैंड की ओर से बैरी मैकार्थी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए थे. उनके अलावा मार्क अडायर, क्रेग यंग और बेन व्हाइट को 1-1 सफलता मिली थी. यह सभी गेंदबाज भारतीय टीम को छोटे स्कोर पर रोकने में नाकाम रहे.
भारतीय गेंदबाजों ने ऐसे कसा शिकंजा
186 रनों के टारगेट के जवाब में आयरलैंड की टीम 8 विकेट गंवाकर 152 रनों का स्कोर ही बना सकी. टीम के लिए ओपनर एंड्रयू बालबर्नी ने शानदार बल्लेबाजी की और 51 गेंदों पर 72 रनों की पारी खेली. जबकि कप्तान पॉल स्टर्लिंग और लोर्कन टकर खाता भी नहीं खोल सके.
भारतीय गेंदबाजों ने मैच में दमदार प्रदर्शन किया. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और स्पिनर रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट अपने नाम किए. बता दें कि आयरलैंड ने 19 के स्कोर पर ही शुरुआती दो विकेट गंवा दिए थे. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में कप्तान पॉल स्टर्लिंग और लॉर्कन टकर को शिकार बनाया. दोनों खाता नहीं खोल सके.
इसके बाद 28 रनों पर तीसरा झटका हैरी टेक्टर (7) के रूप में लगा. यह विकेट स्पिनर रवि बिश्नोई ने लपका. आयरलैंड को 63 रनों पर चौथा झटका लगा. रवि बिश्नोई ने कर्टिस कैम्फर को अपना दूसरा शिकार बनाया. कर्टिस ने 17 गेंदों पर 18 रन बनाए. यहां से टीम संभल ही नहीं सकी और भारत ने यह मैच भी अपने कब्जे में कर लिया.
टीम इंडिया से अब तक मैच नहीं जीता आयरलैंड
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है. टीम ने अब तक एक भी मैच नहीं हारा है. भारत और आयरलैंड के बीच अब तक कुल 7 टी20 मुकाबले हुए हैं. इसमें टीम इंडिया ने सभी मैच जीते हैं. यदि अगला मैच आयरलैंड जीतता है, तो यह भारत के खिलाफ उसकी पहली और ऐतिहासिक जीत होगी.
