13.3 C
London
Saturday, March 21, 2026
Homeखेलस्टोइनिस के तूफान में उड़ा श्रीलंका, 7 विकेट से रौंद कर ऑस्ट्रेलिया...

स्टोइनिस के तूफान में उड़ा श्रीलंका, 7 विकेट से रौंद कर ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप में धमाकेदार वापसी

Published on

पर्थ

मार्कस स्टोइनिस की 18 गेंद में नाबाद 59 रन की आतिशी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण में ग्रुप एक के मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट में दमदार वापसी की। मैन ऑफ द मैच स्टोइनिस ने अपनी पारी में चार चौके और छह छक्के जड़ मैच का रूख पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया की ओर मोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से यह टी20 में सबसे तेज अर्धशतक है। श्रीलंका ने चरिथ असलंका की नाबाद 38 रन की आक्रामक पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 157 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 16.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान आरोन फिंच 31 रन बनाकर नाबाद रहे। फिंच अपनी 42 गेंद की पारी के दौरान कभी सहज नहीं दिखे तो वही स्टोइनिस ने क्रीज पर कदम रखते ही ताबड़तोड़ शॉट खेले। उन्होंने 17 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जो युवराज सिंह के बाद टी20 विश्व कप का दूसरे सबसे तेज अर्धशतक है।

स्टोइनिस और फिंच ने 25 गेंद में 69 रन की अटूट साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने भी 12 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 23 रन बनाए। श्रीलंका के अबूझ स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने तीन ओवर में 53 रन लुटाये। महीश तीक्षणा ने तीन ओवर में एक विकेट लेकर 23 रन दिए। श्रीलंका के बल्लेबाज शुरुआती ओवरों में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे लेकिन आखिरी दो ओवरों में 31 रन जोड़कर टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका की गेंदबाजी फ्लॉप
असलंका ने 25 गेंद की नाबाद पारी में तीन चौके और दो छक्के जड़े। उन्हें चमिका करुणारत्ने (सात गेंद में नाबाद 14 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने सातवें विकेट के लिए आखिरी 15 गेंद में 37 रन की अटूट साझेदारी की। टीम के लिए पथुम निसंका ने 45 गेंद में 40 और धनंजय डिसिल्वा 23 गेंद में 26 रन ने दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, ऐशटन अगर और मैक्सवेल ने एक-एक विकेट लिए।

लक्ष्य का बचाव करते हुए श्रीलंका को पहले ओवर में ही झटका लगा जब तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ा पड़ा। उनके पहले ओवर को डिसिल्वा ने पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया को भी शुरुआती ओवरों में रन बनाने के लिए जूझना पड़ा। टीम पावर प्ले में बल्ले से एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पहली बार हुआ जब ऑस्ट्रेलिया की यह टीम पावर प्ले में एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी। इस बीच पांचवें ओवर में महीश तीक्षणा ने डेविड वार्नर की नौ गेंद में 11 रन की पारी को खत्म किया। पावर प्ले में एक विकेट पर 33 रन बनाने के बाद मार्श ने आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए हसरांगा के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर टीम की बाउंड्री का खाता खोला। इस ओवर से 15 रन बने।

बल्लेबाजी में संघर्ष करते दिखे फिंच
अब तक रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे फिंच ने नौवें ओवर में डिसिल्वा के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर में मार्श 17 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो गये। मैक्सवेल ने क्रीज पर कदम रखते ही 10वें ओवर में हसरंगा के खिलाफ दो छक्के और एक चौका जड़ ओवर से 19 रन बटोरो। तीक्षणा ने इसके बाद मेडन ओवर फेंका। मैच के 13वें ओवर में करूणारत्ने की गेंद पर फिंच को जीवनदान मिला लेकिन अगली गेंद पर मैक्सवेल आउट हो गए।

स्टोइनिस ने क्रीज पर कदम रखते ही बाउंड्री की बारिश शुरू कर दी। उन्होंने हसरंगा के ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाने के बाद शुरुआती दो ओवर में तीन रन देने वाले तीक्षणा के द्वारा किये गये 16वें ओवर में तीन छक्के जड़ अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और पावर प्ले में जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क की तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ने श्रीलंका को एक विकेट पर 36 रन ही बनाने दिए।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज भी नहीं रहे कारगर
कमिंस ने इस दौरान दूसरे ओवर में कुसल मेंडिस को मिशेल मार्श के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलायी। पथुम निसंका ने चौथे और छठे ओवर में हेजलवुड के खिलाफ चौका जड़ा लेकिन टीम रन गति को तेज करने में विफल रही। धनंजय डिसिल्वा ने कोविड-19 पॉजिटिव एडम जंपा की जगह टीम में शामिल हुए स्पिनर एशटन एगर के खिलाफ चौका जड़ा लेकिन टीम आठवें से 10वें ओवर तक एक भी बड़ा शॉट नही खेल सकी। श्रीलंका ने शुरुआती 10 ओवर में एक विकेट पर 63 रन बनाए थे। श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव का फायदा एगर को हुआ जिनके 12वें ओवर में डेविड वार्नर ने शानदार कैच लपक कर धनंजय की पारी को खत्म किया।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने 13वें ओवर में मिशेल मार्श को गेंद थमाई और कमिंस ने निसंका का मुश्किल कैच टपका दिया। अगली गेंद पर नये बल्लेबाज असलंका ने छक्का और फिर चौका लगाकर जले पर नमक छिड़का। अगले ओवर में निसंका रन आउट हो गये। बड़े शॉट खेलने के लिए जाने जाने वाले भानुका राजपक्षे (सात रन) और कप्तान दासून शनाका (तीन रन) का बल्ला भी खामोश रहा। शनाका के गगनचुंबी शॉट पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने शानदार कैच लपका। हेजलवुड ने 18वें ओवर में वानिंदु हसरंगा को विकेट के पीछे वेड के हाथों लपकवाया। अगले दो ओवर श्रीलंकाई बल्लेबाजों के नाम रहे जिसमें 19वें ओवर में स्टार्क के खिलाफ 11 और आखिरी ओवर में कमिंस के खिलाफ 20 रन बने। इस ओवर में असलंका ने चौका और छक्का लगाया। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने 23 अतिरिक्त रन दिए जिसमें वाइड का योगदान 12 रन का था।

Latest articles

जयपुर मेट्रो विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक, प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने के निर्देश

जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर मेट्रो के विस्तार को लेकर एक...

नवरात्र के पहले दिन रिकॉर्ड 622 रजिस्ट्रियां, सात करोड़ की आय

भोपाल भोपाल में चैत्र नवरात्र के पहले दिन संपत्ति रजिस्ट्रियों का रिकॉर्ड बना है। एक...

भोपाल में नहीं दिखा ईद का चांद, आज धूमधाम से मनाई जाएगी ईद

भोपाल भोपाल में गुरुवार को ईद का चांद नजर नहीं आया, जिसके चलते अब शुक्रवार...

कटारा हिल्स में रजाई-गद्दे की दुकान खाक, दमकल की देरी से भड़का लोगों का गुस्सा

भोपाल भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स स्थित स्प्रिंग वैली क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात...

More like this

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से...

T20 WC 2026: फाइनल में मचेगा अभिषेक शर्मा का ‘कोहराम’! फ्लॉप शो के बावजूद संजू सैमसन ने कर दिया बड़ा ऐलान

T20 WC 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल में टीम इंडिया...