बेंगलुरु,
बेंगलुरु में इस समय भारी बारिश हो रही है. बारिश की वजह से बुधवार रात को हुए ट्रैफिक जाम से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोग कई-कई घंटों तक जाम में फंसे रहे. आलम ये था कि कई किलोमीटर लंबे जाम की वजह से लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही छोड़कर पैदल घर के लिए निकलने लगे.
यह जाम बेंगलुरु को तमिलनाडु से जोड़ने वाले रास्ते पर भयंकर जाम लगा. बेंगलुरु के इस भयावह ट्रैफिक जाम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोगों को अपने वाहन सड़क पर छोड़कर पैदल घर जाते देखा जा सकता है.
जैसे ही पानी सड़क पर जमा हुआ, बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने फ्लाइओवर का एक हिस्सा बंद कर दिया. लेकिन जलभराव ने समस्या को और विकराल कर दिया. हालांकि, गुरुवार सुबह तक कई इलाकों में जलस्तर कम हुआ. लेकिन येलाहान्का के केंद्रीय विहार अपार्टमेंट्स सहित कई हिस्सों में अभी भी जलभराव की समस्या बनी हुई है.
ऐसी स्थिति में सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग जलभराव की शिकायत कर रहे हैं. एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि उसे घर पहुंचने में सामान्य की तुलना में चार गुना अधिक समय लगा है.
एक सोशल मीडिया यूजर ने सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनियां लोगों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा क्यों नहीं देती. दरअसल कर्नाटक सरकार ने पहले ही निजी कंपनियों को सलाह दी है कि वे अपने कर्मचारियों को 23 अक्तूबर को घर से काम करने की मंजूरी दे.
