लखनऊ
केंद्र की मोदी सरकार ने बीते दिनों वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश कर दिया है। केंद्र सरकार ने बजट में मध्य वर्ग को बड़ी राहत दी है, जिससे यूपी समेत अन्य राज्यों के मध्यम वर्ग के लोगों को राहत मिली है। इसी क्रम में आने वाली 18 फरवरी से उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर अधिसूचना जारी हो गई है। जानकारी के मुताबिक 19 फरवरी को प्रदेश का बजट विधानसभा में पेश हो सकता है। जोकि अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है।
इस बार का बजट 8 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा का हो सकता है। कहा जा रहा है कि योगी सरकार का ये बजट उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा। यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आज बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से बताया गया कि यूपी विधानसभा 18 फरवरी को सुबह 11 बजे विधान मंडप में वर्ष 2025 के प्रथम वर्ष के लिए आहूत की गई है। वहीं बताया ये भी जा रहा है कि ये बजट सत्र करीब एक हफ्ते तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी।
महाकुंभ की भगदड़ बन सकती है मुद्दा
अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के अगले दिन प्रदेश सरकार बजट पेश कर सकती है। वहीं हर बार की तरह इस बार भी बजट सत्र हंगामेदार रहने की संभावना है। इस सत्र के दौरान योगी सरकार जहां अपनी उपलब्धियों का बखान करेगी। वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी पार्टियां योगी सरकार को सवालों के कटघरे में खड़ी कर सकती है। विपक्षी दल महाकुंभ में भगदड़ के दौरान हुए हादसे को लेकर सरकार को घेर सकती है।
महाकुंभ में मृतकों की संख्या का पता नहीं
सपा लगातार इस हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या जारी करने की लगातार मांग कर रही है। माना जा रहा है कि लोकसभा के बाद अब यूपी विधानसभा में महाकुंभ भगदड़ हादसे की गूंज सुनाई दे सकती है। साथ ही महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी विपक्षी दल सरकार को सदन में घेरने की कोशिश कर सकते हैं।
